देश में बीते चार दिनों में से डेढ़ लाख से ज्यादा मामले आ रहे हैं ऐसे में सीबीएसई बोर्ड की परीक्षाएं आयोजित कराने को सुरक्षित न मानते हुए केंद्र ने दसवीं की परीक्षा रद्द कर दी गई है और बारहवीं बोर्ड की परीक्षाएं स्थगित कर दी गई हैं। इस फैसले से जहां अभिभावकों ने राहत की सांस ली है, वहीं काफी छात्र इस फैसले से कुछ नाखुश हैं।
कोरोना के कारण पूरी साल ऑनलाइन क्लास चली थी। इंटरनेट की समस्या के कारण क्लास सही से नहीं ली जाती थी। ऑनलाइन क्लॉस से बोर्ड परीक्षा की तैयारी अच्छे से नहीं हो सकी, लेकिन परीक्षा रद्द होने के बारे में नहीं सोचा था। मैं परीक्षा होने के पक्ष में हूं, क्योंकि मैं परीक्षा की तैयारी पूरी कर चुका हूं। परीक्षा में अच्छे नंबर आने पर मेरे पिता मुझे लैपटॉप देते। परीक्षा रद्द होने से लैपटॉप अब नहीं मिलेगा।
अमन भाटी, कक्षा दस का छात्र
12वीं की परीक्षाओं को लेकर भी स्थिति साफ हाेनी चाहिए थी। मुझे 12 वीं के बाद बाहर पढ़ने के लिए जाना है। अब समझ नहीं आ रहा है कि आगे क्या होगा। चाहे तो 12वीं की ऑनलाइन परीक्षाएं आयोजित हो चानी चाहिए।- अफराज खान, 12वीं कक्षा
सीबीएसई की डेटशीट के अनुसार परीक्षाओं की तैयारियां की जा रही थीं, लेकिन बुधवार को बोर्ड ने 12वीं कक्षा की परीक्षाएं स्थगित करने की घोषणा की है, जोकि काफी आश्चर्यजनक समाचार है। पिछले एक साल से मैं पढ़ाई को लेकर कड़ी मेहनत कर रही थी कि परीक्षा अच्छे नंबरों से पास करूंगी। परीक्षाएं स्थगित होने के कारण अब उन्हें फिर से लंबे समय तक पढ़ाई करनी पड़ेगी, इससे उनको मानसिक तनाव झेलना पड़ेगा।- सिम्मी चौधरी, 12वीं कक्षा की छात्रा
12वीं कक्षा की परीक्षाएं स्थगित नहीं होनी चाहिए थी। क्योंकि 12वीं कक्षा पास करने के बाद सभी विद्यार्थी अपने भविष्य को लेकर योजनाएं बनाते हैं कि, उन्हें क्या करियर चुनना है। परीक्षा स्थगित होने के बाद अब विद्यार्थियों पर पढ़ाई का अतिरिक्त दबाव बना रहेगा, क्योंकि सीबीएसई की ओर से जब भी डेटशीट जारी की जाएगी, तभी विद्यार्थियों को परीक्षा देनी होगी। ऐसे में विद्यार्थी न तो बीच में पढ़ाई छोड़ सकते हैं औैर न ही पढ़ाई पर पूरा फोकस कर सकेंगे।- प्राची यादव, 12वीं कक्षा की छात्रा
10वीं कक्षा की परीक्षाएं रद्द नहीं होनी चाहिए थी क्योंकि सभी छात्रों ने परीक्षाओं के लिए कड़ी मेहनत करके पढ़ाई की थी। 10वीं कक्षा में इंटरनल अंक काफी महत्व रखते हैं। ऐसे में अब सीबीएसई द्वारा पिछली परीक्षा के परिणाम के बेस पर परिणाम घोषित किया जाएगा, जिससे काफी बच्चों का परिणाम प्रभावित होगा। अगर 10वीं कक्षा की परीक्षा आयोजित होती तो बच्चे अपनी क्षमता अनुसार पेपर देते औैर उनका परिणाम उसी अनुसार आता।- आर्या राठौर, 10वीं कक्षा की छात्रा