-प्रधानाचार्य और शिक्षकों के लिए द्वारका में वेबिनार का किया गया आयोजन
अमर उजाला ब्यूरो
नई दिल्ली। केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (सीबीएसई) ने बोर्ड परीक्षा 2027 के लिए पंजीकरण और अभ्यर्थियों की सूची (एलओसी) प्रक्रिया को लेकर द्वारका स्थित सीबीएसई कार्यालय के सभागार में लाइव प्रश्नोत्तर वेबिनार आयोजित किया। इस कार्यक्रम में 450 से अधिक प्रधानाचार्य और शिक्षकों ने हिस्सा लिया। वेबिनार का उद्देश्य परीक्षा संबंधी प्रक्रियाओं को छात्रों और अभिभावकों के लिए अधिक सरल और पारदर्शी बनाना है।
बोर्ड ने स्कूलों को पंजीकरण और एलओसी भरते समय छात्रों के व्यक्तिगत विवरण और विषय संयोजन की स्पष्टता सुनिश्चित करने की सलाह दी। साथ ही समय रहते गलतियों को ठीक कराने और छात्रों को आवश्यक मार्गदर्शन देने पर जोर दिया गया। सीबीएसई के अनुसार 2027 की कक्षा दसवीं और 12वीं बोर्ड परीक्षाओं के लिए एलओसी प्रक्रिया शुरू हो चुकी है। कक्षा नौवीं और 11वीं के छात्रों के लिए पंजीकरण प्रक्रिया भी जल्द शुरू होगी। यह प्रक्रियाएं देश और 26 अन्य देशों के करीब 32 हजार संबद्ध स्कूलों के छात्रों से जुड़ी है। लाइव प्रश्नोत्तर सत्र में शिक्षकों और प्रधानाचार्यों के सवालों के जवाब बोर्ड के वरिष्ठ अधिकारियों ने दिए। इनमें छात्र विवरण में सुधार, विषय चयन या बदलाव, एलओसी सत्यापन, फीस और विशेष आवश्यकता वाले छात्रों (सीडब्ल्यूएसएन) से जुड़े प्रावधान शामिल थे।