ग्रेटर नोएडा के ईकोटेक 3 थाना क्षेत्र के गांव सुनपुरा में आज सीबीआई टीम से मारपीट की बात सामने आ रही है। गौरतलब है कि 126 करोड़ के जमीन घोटाला मामले में सीबीआई टीम एक अभियुक्त को गिरफ्तार करने गई थी लेकिन उसके परिजनों ने टीम के साथ मारपीट की।
इस घटना के बारे में जानकारी देते हुए एसपी देहात विनोद जायसवाल ने बताया कि सीबीआई टीम आज सुनपुरा गांव गई थी जहां अभियुक्त के परिजनों ने टीम से मारपीट की। सूचना मिलते ही तत्काल थाने की पुलिस मौके पर पहुंची और कुछ लोगों को हिरासत में लिया है और दुर्व्यवहार की शिकायत सही पाई गई है। इस मामले में पीड़ित पक्ष से तहरीर प्राप्त कर मामले की जांच की जाएगी।
सूत्रों के अनुसार 126 करोड़ के जमीन घोटाला मामले में सीबीआई टीम शनिवार को अपने ही एक अधिकारी की गिरफ्तारी के लिए पहुंची थी। जहां उनके साथ मारपीट तो हुई ही उनके मोबाइल भी छीन लिए गए। याद दिला दें कि बीते दिनों गाजियाबाद से भी इस घोटाले में एक सीबीआई अफसर को गिरफ्तार किया गया था।