राउज एवेन्यू कोर्ट ने डॉक्टर और ट्यूटर को पांच दिन की हिरासत में भेजा
अमर उजाला ब्यूरो
नई दिल्ली। नीट-यूजी 2026 पेपर लीक मामले में राउज एवेन्यू कोर्ट ने बुधवार को दो प्रमुख आरोपियों को पांच दिन की सीबीआई हिरासत में भेज दिया। स्पेशल जज विद्या प्रकाश ने बाल रोग विशेषज्ञ डॉ. मनोज शिरुरे और फिजिक्स ट्यूटर तेजस हर्षदकुमार शाह को 1 जून तक सीबीआई कस्टडी में भेजने का आदेश दिया।
सीबीआई ने अदालत को बताया कि दोनों आरोपियों से आगे पूछताछ जरूरी है। आरोप है कि डॉ. शिरुरे ने लातूर के रेणुकाई केमिस्ट्री क्लासेज संचालक शिवराज रघुनाथ मोटेगांवकर के बेटे सहित तीन छात्रों को पेपर सेटर प्रह्लाद विठ्ठलराव कुलकर्णी से केमिस्ट्री के प्रश्न उपलब्ध कराए। वहीं, तेजस शाह ने मनीषा हवालदार से लीक फिजिक्स प्रश्न प्राप्त किए।
सुनवाई के दौरान अदालत ने मामले के मुख्य साजिशकर्ता प्रह्लाद विठ्ठलराव कुलकर्णी और शिवराज रघुनाथ मोटेगांवकर को 14 दिन की न्यायिक हिरासत में भेज दिया। दोनों को 10 जून तक के लिए जेल भेजा गया। कुलकर्णी पुणे के केमिस्ट्री लेक्चरर हैं और एनटीए की पेपर सेटिंग प्रक्रिया से जुड़े होने के कारण उन्हें प्रश्नपत्रों तक पहुंच थी। सीबीआई के अनुसार, उन्होंने अप्रैल के अंतिम सप्ताह में पुणे स्थित घर पर लीक प्रश्नपत्रों के आधार पर विशेष कोचिंग भी चलाई थी। मामले में अब तक 13 लोगों की गिरफ्तारी हो चुकी है।