नोएडा क्रिकेट स्टेडियम में हुई वित्तीय अनियमितताओं के मामले में सीबीआई शिकंजा कसने के बाद से ही नोएडा प्राधिकरण में खलबली मची हुई है। इसी के तहत फंसे अथॉरिटी के तकनीकी सलाहकार दीपक कुमार ने अपने पद से इस्तीफा दे दिया है।
दीपक कुमार के बारे में जानना दिलचस्प होगा कि वह प्राधिकरण से दो साल पहले ही रिटायर हो चुके हैं लेकिन वह तकनीकी सलाहकार के पद पर बने हुए थे। कहा जा रहा है कि ये तो बस शुरुआत है आगे और लोग भी नप सकते हैं। सीबीआई के इस जांच की आंच काफी दूर तक जाने की उम्मीद है।
गौरतलब है कि साल 2010-11 में नोएडा क्रिकेट स्टेडियम के निर्माण के लिए 58 करोड़ रुपये की राशि का टेंडर जारी किया गया था। इस दौरान टेंडर प्रक्रिया के अवर अभियंता के तौर पर दीपक कुमार तैनात थे।
अपने रिटायरमेंट यानी नवंबर 2017 तक वह स्टेडियम का निर्माण कार्य देखते रहे। रिटायर होने के छह महीने बाद ही दीपक कुमार को दोबारा क्रिकेट स्टेडियम में सहायक तकनीकी (संविदाकर्मी) के पद पर तैनाती मिल गई।