शहर में अडानी के सीएनजी स्टेशनों पर शुक्रवार आधी रात से कैशलेस भुगतान की सुविधा बंद हो गई। इसके चलते क्रेडिट कार्ड, डेबिट कार्ड व पेटीएम से भुगतान करने वाले वाहन चालकों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा।
शनिवार को दिनभर कैशलेस भुगतान को लेकर सीएनजी स्टेशन कर्मचारियों व वाहन चालकों के बीच कहासुनी का दौर चलता रहा। नगदी न होने पर वाहन चालकों को वापस लौटा दिया गया। कैशलेस भुगतान की सुविधा 5 अप्रैल तक बंद रहेगी।
जानकारी के अनुसार, अनुबंध के तहत अडानी के सीएनजी स्टेशन को निजी ठेकेदारों के हाथों में सौंपने की प्रक्रिया शुरू हो गई है। इस प्रक्रिया के तहत ही नया बहीखाता तैयार किया जा रहा है।
पुरानी स्वाइप मशीनों को हटाकर नई लगाने का काम भी इसी दौरान किया जाएगा। कैशलेस भुगतान में रुकावट से संबंधित नोटिस सीएनजी स्टेशनों पर चस्पा कर दिए गए हैं।