साइबर सिटी में 24 वर्षीय युवक की मौत के साथ ही डेंगू के मामले ने बीते पांच साल का रिकॉर्ड तोड़ दिया है। अब तक जिले में कुल 10 लोगों की मौत हो चुकी है। जबकि, बीते सालों में अधिकतम 8 मामले सामने आए थे। डेंगू के कंफर्म मामले में यह साल 2012 के अधिकतम रिकॉर्ड पर पहुंच गया है। बता दें कि स्वास्थ्य निदेशालय ने गुड़गांव को ‘हाई अलर्ट’ पर रखा है।
स्वास्थ्य विभाग के मुताबिक, इस साल डेंगू पिछले सालों के मुकाबले अधिक खतरनाक रहा है। डेंगू के डेन-2 और 3 वायरस की संक्रमण फैलाने की क्षमता डेन-1 वायरस की तुलना में बहुत अधिक होती है। इंटीग्रेटेड डिजीज सर्विलांस प्रोग्राम (आईडीएसपी) की रिपोर्ट में सामने आया है कि ये दो वायरस की वजह से डेंगू का डंक साइबर सिटी में फैल रहा है।
गुड़गांव के अस्पतालों में अब तक डेंगू 10 लोगों की मौत हो चुकी है। केवल झज्जर के पूर्व विधायक के पोते और पूर्व मंत्री मीना मंडल की मौत की स्वास्थ्य विभाग ने पुष्टि की है, लेकिन ये दोनों मामले गुड़गांव के बाहर होने के कारण स्वास्थ्य विभाग इसे जिले का नहीं मान रहा है।
स्वास्थ्य विभाग की लैब में बुधवार तक 350 मामलों की पुष्टि हो चुकी है। ये सभी गुड़गांव के हैं। गुड़गांव के अलावा यहां के प्राइवेट अस्पतालों में इलाज करा रहे बाहरी 138 लोगों में भी डेंगू की पुष्टि हो चुकी है। वहीं 900 से अधिक मरीजों को संदिग्ध श्रेणी में रखा गया है।