संवाद न्यूज एजेंसी
पलवल।
गदपुरी थाना क्षेत्र के जनौली गांव में घर पर अकेली मौजूद एक युवती के साथ घर में घुसकर मारपीट और जान से मारने की धमकी देने का मामला सामने आया है। पुलिस ने पीड़िता की शिकायत पर तीन आरोपियों पर विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की है। पुलिस को दी शिकायत में जनौली निवासी दीपिका ने बताया कि उसके माता-पिता किसी काम से घर से बाहर गए थे और वह घर पर अकेली थी। इसी दौरान अलावलपुर निवासी आरिफ, सोनम और राहुल बहाने से उसके घर में घुस आए। आरोप है कि तीनों ने उसके साथ मारपीट की और जान से मारने की धमकी दी। युवती के शोर मचाने पर आसपास के लोग मौके की ओर पहुंचे, जिसके बाद आरोपी वहां से फरार हो गए। घटना के बाद घायल युवती का मेडिकल कराया गया, जिसमें शरीर के विभिन्न हिस्सों पर पांच चोटें दर्ज की गई हैं। गदपुरी थाना प्रभारी कुलदीप सिंह ने बताया कि पुलिस ने मेडिकल रिपोर्ट और शिकायत के आधार पर आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है।पुलिस आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही है।