केजरीवाल के तिलक नगर दौरे के दौरान हवलदार पर हमला करने का है आरोप
अमर उजाला ब्यूरो
नई दिल्ली। तिलक नगर में सड़क निरीक्षण के दौरान पीडब्ल्यूडी मंत्री प्रवेश वर्मा और वीडियोग्राफर साहिब सिंह से जुड़े विवाद ने अब नया मोड़ ले लिया है। दिल्ली पुलिस के एक हवलदार (हेड कांस्टेबल) पर हमला करने और उसके काम में बाधा डालने, मारपीट करने के आरोप में आप नेताओं सौरभ भारद्वाज, जरनैल सिंह और पार्टी के कई कार्यकर्ताओं के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है।
नई दिल्ली जिला पुलिस अधिकारियों के अनुसार यह घटना सोमवार को हुई जब आप के नेता दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल के साथ तिलक नगर इलाके में दौरे के लिए गए थे। पुलिस सूत्रों के अनुसार, सादे कपड़े पहने हवलदार इलाके में वीडियो रिकॉर्ड कर रहा था, तभी आप समर्थकों की भीड़ ने उसे घेर लिया और उसके साथ मारपीट की। घटना के बाद हवलदार को मेडिकल जांच के लिए ले जाया गया। पुलिस सूत्रों ने बताया कि सरकारी कर्मचारी के काम में बाधा डालने और उस पर हमला करने से संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है