गुड़गांव के हुडा सेक्टर में पोल व अन्य सार्वजनिक स्थल पर इश्तहार चस्पा करने वालों की खैर नहीं है। संपदा अधिकारी के आदेश पर विभाग ने सेक्टर का सर्वे कर ऐसे लोगों के खिलाफ मामला दर्ज करवाने की कवायद शुरू कर दी है।
स्वच्छता अभियान के दौरान यह बात सामने आई कि सेक्टर की सड़क के किनारे पोल से लेकर पार्क व अन्य सार्वजनिक स्थल पर लोग अपने-अपने प्रचार के लिए इश्तहार लगा देते हैं। अब हुडा की ओर से बिना अनुमति के ऐसे विज्ञापन लगाए जाने पर संबंधित व्यक्ति के खिलाफ कार्रवाई की जायेगी।
हुडा की ओर से इस तरह का प्रचार करने की अनुमति नहीं दी गई। संपदा कार्यालय दो की ओर से सेक्टर 39 में एक डॉक्टर व तीन पीजी संचालकों पर मामला दर्ज कराने की कवायद की जा रही है। एसडीओ सर्वे विभाग की ओर से इनके खिलाफ मामला दर्ज करने के लिए सेक्टर-40 थाना पुलिस को पत्र लिखा जा चुका है।
एसएस जाखड़, एसडीओ सर्वे संपदा विभाग दो हुडा गुड़गांव बताते हैं कि किसी भी सेक्टर में सार्वजनिक स्थल पर इश्तहार लगाए जाने पर उसके खिलाफ स्थानीय थाने में मुकदमा दर्ज कराया जाएगा। इस बात को लेकर सर्वे विभाग के सभी जेई को निर्देश जारी किए जा चुके हैं।