नई दिल्ली जिला पुलिस उपायुक्त प्रणव तायल ने बताया कि रविवार रात करीब 8.00 बजे पुलिस को खबर मिली लोक नायक भवन (खान मार्केट) एरिया में एक युवक को चाकू मार दिया गया है। मौके पर पहुंचने पर घायल को अस्पताल ले जाने का पता चला। बाद में अस्पताल से युवक की मौत की खबर मिली।
पता चला कि मृतक आकाश परिवार के साथ नई दिल्ली एरिया में रहता था। इसका भाई खान मार्केट में लुक्स सैलून में काम करता है जबकि पिता जोधपुर मैस में हाउसकीपिंग का काम करता है। रविवार रात को आकाश खान मार्केट में मौजूद था। इस बीच अज्ञात हमलावरों ने उसके सीने में चाकू घोंप दिया। वारदात के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए। फिलहाल आकाश के शव को कब्जे में लेकर आरएमएल अस्पताल की मोर्चरी सुरक्षित रखवा दिया गया है। मामले की जांच की जा रही है। हत्यारों की पहचान के प्रयास किए जा रहे हैं।