सोशल मीडिया पर नया भारतीय संविधान की 16 पन्ने की पीडीएफ वायरल करने के सिलसिले में खुर्जा पुलिस थाने में एक व्यक्ति के खिलाफ केस दर्ज किया गया है। इस पीडिएफ में संघ प्रमुख मोहन भागवत की तस्वीर भी है।
गौरतलब है कि कुछ शरारती तत्वों ने सोशल मीडिया पर संघ प्रमुख मोहन भागवत की तस्वीर लगाकर 16 पेज का एक फर्जी पोस्ट वायरल कर दिया। ‘नया भारतीय संविधान’ नाम देकर जो फर्जी पोस्ट वायरल किया गया है, उसमें कई भ्रामक व आपत्तिजनक सामग्री डाली गई है।
इससे पहले इसी मामले में बृहस्पतिवार को उन्नाव के जिला संघ चालक व गोमतीनगर के नगर कार्यवाह ने हजरतगंज व गोमतीनगर थाने में अलग-अलग मुकदमा दर्ज कराया।
इस मामले को लेकर संघ के वरिष्ठ अधिकारी प्रशांत भाटिया का कहना है कि इस तरह का कोई संदेश संघ की ओर से न तो बनाया गया और न ही प्रसारित किया गया है। इसे भारतीय संविधान का अपमान करने तथा भारतीय सामाजिक संरचना को बिगाड़ने के लिए राष्ट्र विरोधी तत्वों ने तैयार किया है।
हजरतगंज कोतवाली प्रभारी निरीक्षक धीरेंद्र प्रताप कुशवाहा ने कहा कि जिला संघचालक लालता प्रसाद की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच की जा रही है। उधर, इसी मामले में गोमती नगर के विवेक खंड के संघ कार्यवाह तुलाराम ने भी गोमती नगर थाने में शिकायत दर्ज कराई।
प्रभारी निरीक्षक गोमतीनगर अमित कुमार दुबे के मुताबिक आईटी एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। साइबर क्राइम सेल की मदद से जांच की जा रही है। जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।