युवती ने मनाया पर नहीं माना शैलेंद्र
बस यहीं से बेचारे शैलेंद्र सिंह (29) के जीवन में भूचाल आ गया। दोनों में अनबन हुई और शैलेंद्र ने युवती से संबंध खत्म कर लिया। इसके बाद युवती ने शैलेंद्र को मनाने का प्रयास किया, लेकिन वह तैयार नही हुआ। युवती कुशीनगर, यूपी के एक पीसीएस अधिकारी को अपना जीजा बताती थी, शैलेंद्र ने उनको कॉल किया तो पता चला कि युवती उनको ब्लैकमेल कर 20 हजार रुपये माह वसूल रही है।
युवती ने दर्ज करा दी एफआईआर
युवती ने यूपी के महाराजगंज और कुशीनगर में शैलेंद्र और पीसीएस अधिकारी के खिलाफ दुष्कर्म समेत अन्य धाराओं में एफआईआर दर्ज करा दी। दोनों ने किसी तरह जमानत ली तो युवती ने 23 अगस्त 2023 को दिल्ली के तिमारपुर इलाके में दोनों के खिलाफ सामूहिक दुष्कर्म का मामला दर्ज करा दिया। जांच में सामूहिक दुष्कर्म के आरोप झूठे पाए गए।
कोर्ट ने दिया केस दर्ज करने के आदेश
अदालत ने युवती द्वारा दर्ज कराई एफआईआर को रद्द करते हुए उल्टा उसके ही खिलाफ 164 के झूठे बयान देकर अदालत को गुमराह करने, झूठे तथ्य उपलब्ध कराने समेत अन्य धाराओं में मामला दर्ज करने का आदेश दिया। 11 नवंबर को अदालत के आदेश पर तिमारपुर थाना पुलिस ने युवती के खिलाफ विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज कर लिया है।
क्या था पूरा मामला...
मूलरूप से कुशीनगर, यूपी का रहने वाले शैलेंद्र की वर्ष 2019 में युवती से दोस्ती हुई थी। शैलेंद्र तिमारपुर के गांधी विहार में फ्लैट लेकर तैयारी कर रहा था। दोस्ती होने के बाद वर्ष 2020 से दोनों ने साथ रहना शुरू कर दिया। युवती शैलेंद्र को कुशीनगर के पीसीएस अधिकारी अपने जीजा के बारे में बताती थी। इस बीच 4 अप्रैल 2022 देर को शैलेंद्र ने युवती को एक अन्य युवक के साथ देख लिया।
अधिकारी से 20 हजार रुपये वसूल रही थी युवती
दोनों के बीच अनबन हुई। पीसीआर कॉल भी हुई। पुलिस की मौजूदगी में लिखित में दोनों ने एक साथ न रहने के लिए कहा। बावजूद इसके युवती ने शैलेंद्र का पीछा नहीं छोड़ा। शैलेंद्र को लगा कि युवती के जीजा से बातचीत करना चाहिए। शैलेंद्र ने जीजा को कॉल किया तो पता चला कि पीसीएस अधिकारी युवती के जीजा है ही नहीं, युवती अधिकारी को ब्लैकमेल कर वर्ष 2018 से 20 हजार रुपये माह वसूल रही है।
युवती ने दिल्ली और यूपी में दर्ज करा दीं तीन एफआईआर...
युवती को जब पता चला कि शैलेंद्र ने पीसीएस अधिकारी से बातचीत शुरू कर दी है तो उसने 20 जून 2023 को महाराजगंज, यूपी के थाने में दुष्कर्म समेत अन्य धाराओं में मुकदमा दर्ज करा दिया। 24 जुलाई 2023 को कुशीनगर में एक और मामला युवती ने दोनों के खिलाफ दर्ज करा दिया। शैलेंद्र और पीसीएस अधिकारी ने वहां से जमानत ले ली।
जिस डेट पर दुष्कर्म की बात की..उस दिन दिल्ली में नहीं थे दोनों
इसके बाद युवती ने दिल्ली पहुंचकर 23 अगस्त 2023 को तिमारपुर में सामूहिक दुष्कर्म की एफआईआर दर्ज करा दी। 27 अगस्त को दिल्ली पुलिस शैलेंद्र और पीसीएस को गिरफ्तार करने यूपी भी पहुंच गई, लेकिन दोनों ने खुद को गायब किया। इसके बाद पुलिस ने युवती के आरोपों की जांच की। जिस डेट पर दुष्कर्म की बात की गई, उस दिन शैलेंद्र व पीसीएस अधिकारी दिल्ली में मौजूद नहीं थे।
अगली डेट पर वो खुद नहीं थी
जांच में जब कोर्ट को यह तथ्य दिया गया तो युवती ने एक दिन पहले की घटना बता दी। इसकी पड़ताल हुई तो युवती उस दिन खुद दिल्ली में मौजूद नहीं थी। छानबीन के बाद दिल्ली पुलिस ने युवती द्वारा लगाए गए तमाम आरोप गलत पाए और तीस हजारी कोर्ट से मामला रद्द करने के लिए कहा। अदालत ने युवती द्वारा दर्ज कराई एफआईआर को रद्द करने की प्रक्रिया शुरू करने के अलावा युवती के खिलाफ झूठा मुकदमा दर्ज करने का आदेश दिया। 11 नवंबर को तिमारपुर थाना पुलिस ने युवती के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया।