हापुड़ जिले में स्याना रोड पर रेलवे फाटक बंद करने के दौरान किसान ने तेजी से ट्रैक्टर-ट्रॉली निकलने की कोशिश की। इस दौरान ट्रॉली से आलू की बोरियां ट्रैक पर गिर गई, जिससे रेल प्रवाभित हुई।
स्याना रोड पर रेलवे फाटक बंद करने के दौरान सोमवार की सुबह किसान ने तेजी से ट्रैक्टर-ट्रॉली निकलने की कोशिश की। इस दौरान ट्रॉली से आलू की बोरियां ट्रैक पर गिर गईं। इस कारण इंटरसिटी और राज्यरानी ट्रेन प्रभावित हुई। आरपीएफ ने आरोपी किसान के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की है।
विज्ञापन
आरपीएफ चौकी इंचार्ज केसर सिंह ने बताया कि सोमवार की सुबह मुरादाबाद की तरफ से इंटरसिटी ट्रेन दिल्ली की तरफ जा रही थी। सुबह करीब आठ बजकर छह मिनट पर गेटमैन ने स्याना रोड रेलवे फाटक बंद करना शुरू किया। इस दौरान चौराहे की तरफ से गांव लोधीपुर छपका निवासी विकास गिरी आलू से लदा ट्रैक्टर-ट्रॉली लेकर वहां पहुंच गया। फाटक बंद होता देखकर चालक ने रफ्तार बढ़ाकर ट्रैक्टर-ट्रॉली निकालने की कोशिश की। हड़बड़ी में ट्रॉली से उछलकर एक दर्जन से अधिक बोरियां ट्रैक पर गिर गईं। बोरियों के फटने से ट्रैक पर आलू भी बिखर गए।
आरपीएफ इंचार्ज ने बतााया कि करीब आठ बजकर 10 मिनट पर इंटरसिटी एक्सप्रेस को फाटक से गुजरना था, लेकिन ट्रैक क्लियर न होने के कारण ट्रेन को अल्लाबख्शपुर गांव के निकट करीब 14 मिनट तक रोकना पड़ा। वहीं, लखनऊ की ओर जा रही राज्यरानी एक्सप्रेस को भी गढ़ स्टेशन पर एक मिनट अतिरिक्त रोका गया। आरपीएफ इंचार्ज ने बताया कि बोरियों को हटवाकर दोनों ट्रेनों को गंतव्य के लिए रवाना कर दिया गया है। वहीं, ट्रैक्टर-ट्रॉली को कब्जे में लेते हुए आरोपी विकास के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की गई है।