बाहरी जिला पुलिस उपायुक्त सचिन शर्मा ने बताया कि 26 फरवरी की शाम पश्चिम विहार ईस्ट पुलिस स्टेशन को एक घर में चोरी की शिकायत मिली। सूचना मिलते ही पुलिस बीजी ब्लॉक पश्चिम विहार पहुंची। शिकायतकर्ता शीतल ने बताया कि महिला केयरटेकर ने घर से 30 से 40 हजार रुपये की चोरी की है। उसने बताया कि करीब दो साल पहले उसके पति का निधन हो गया था और उसके बाद में वह अपनी मां अविता रामेकर और बेटी सिधु निगम के साथ पश्चिम विहार में ही रहती है।
उनकी मां दस दिन पहले घर पर ही सीढ़ियों से गिर गईं। उनके पैर में फ्रैक्चर हो गया था। उनकी सेवा के लिए उन्होंने 25 फरवरी को निहाल विहार की एक एजेंसी एंजल नर्सिंग हेल्थ केयर सर्विसेज से एक महिला केयरटेकर सोनिया सिंह को रखा।
26 फरवरी को बेटी के स्कूल से आने के बाद आरोपी महिला ने 2.30 बजे परिवार के सदस्यों को पराठे और चाय बनाकर दी। जिसे खाते ही तीनों बेहोश हो गए। 4 बजे होश आया तो सोनिया घर से अपना सारा सामान लेकर जा चुकी थी। उसके बैग से 36 हजार रुपये गायब थे। मां ने एक दोस्त पारस को फोन कर बुलाया, जिसने सभी को बेसुध हालत में देखकर पुलिस को फोन किया।
मौके पर पहुंची पुलिस ने क्राइम और फोरेंसिक टीम को बुलाया। टीम ने खाने की चीजों को जब्त कर लिया और पीड़ितों को मेडिकल जांच के लिए संजय गांधी मेमोरियल अस्पताल लेकर गए। पुलिस ने 27 फरवरी को मामला दर्ज कर लिया। निरीक्षक सुंदर सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम ने तकनीकी जांच की, जिसके जरिए आरोपी महिला की लोकेशन बरेली, यूपी में मिली। पुलिस की एक टीम ने वहां जाकर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।
पूछताछ में कबूला अपना गुनाह
पूछताछ में उसने अपना गुनाह कबूल कर लिया। उसने बताया कि वह अलग-अलग जगहों पर केयरटेकर के तौर पर काम कर रही थी। वह इससे पहले नोएडा में केयरटेकर के तौर पर काम करती थी। जहां एक बुजुर्ग महिला नींद की गोलियां खाती थी। जहां से उसने छह नींद की गोलियां ली थीं। इन गोलियों को उसने पीड़ित परिवार के खाने में मिलाकर उन्हें बेहोश कर चोरी की वारदात को अंजाम दिया। पुलिस महिला से पूछताछ कर जांच कर रही है।