- 70 संस्थानों ने दिए करियर विकल्पों की जानकारी, बड़ी संख्या में पहुंचे विद्यार्थी
अमर उजाला ब्यूरो
नई दिल्ली। दिल्ली सिख गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी की ओर से गुरुद्वारा रकाबगंज साहिब परिसर स्थित भाई लखी शाह वंजारा हॉल में करियर गाइडेंस फेयर का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्घाटन दिल्ली सरकार के मंत्री मनजिंदर सिंह सिरसा ने कमेटी के प्रधान हरमीत सिंह कालका, महासचिव जगदीप सिंह काहलों सहित अन्य लोगों की उपस्थिति में किया। इस मौके पर सिरसा ने कहा कि बदलते दौर में विद्यार्थियों के लिए सही मार्गदर्शन बेहद जरूरी है। ऐसे आयोजन युवाओं को अपने करियर की दिशा तय करने में मदद करते हैं। फेयर में करीब 70 संस्थानों के विशेषज्ञों ने स्टॉल लगाकर छात्रों को विभिन्न करियर विकल्पों, नई शिक्षा प्रणाली और भविष्य की संभावनाओं की जानकारी दी। यह आयोजन विशेष रूप से कक्षा 9 से 12 तक के विद्यार्थियों के लिए किया गया था। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में विद्यार्थी और अभिभावक शामिल हुए। आयोजन की सफलता पर शिक्षा क्षेत्र से जुड़े पदाधिकारियों को सराहा गया।