नोएडा में एक कार के बोनट पर युवक को लेकर जाने का वीडियो बुधवार रात को सोशल मीडिया पर वायरल हो गया। यह वीडियो कोतवाली फेज-3 क्षेत्र स्थित गढ़ी चौखंडी के आसपास का बताया जा रहा है। इस मामले की जांच पुलिस की टीम कर रही है और कार की पहचान की जा रही है।
बताया जा रहा है कि गढ़ी चौखंडी के पास मुख्य सड़क पर सड़क हादसे के बाद जब एक युवक ने विरोध किया तो कार चालक ने कार को तेजी से आगे बढ़ा लिया और युवक कार के बोनट पर चढ़ गया। कार चालक ने इसके बाद भी कार नहीं रोकी और युवक को बोनट पर बिठाकर काफी दूर तक ले गया।
इसी दौरान आसपास के लोगों ने वीडियो बना लिया, जो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। कोतवाली फेज-3 के प्रभारी निरीक्षक विजय कुमार का कहना है कि सोशल मीडिया के माध्यम से हम लोगों को वीडियो मिला है और कार व कार चालक की पहचान की जा रही है। पुलिस की टीमें लगी हुई हैं और जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार किया जाएगा।