पश्चिम विहार में एक मीट कारोबारी से बदमाशों ने खिलौने की पिस्टल के बल पर एक्सयूवी कार लूट ली। पीड़ित को इस बात का अहसास उस समय हुआ जब उसने जीपीएस की मदद से अपनी कार बरामद कर ली। कार में पुलिस को एक खिलौने की पिस्टल मिली। पुलिस वारदात को अंजाम देने वाले बदमाशों की तलाश में जुट गई है।
जानकारी के मुताबिक रघुवीर नगर निवासी मोहित सोनकर (22) की द्वारका मोड़ पर मीट की दुकान है। गत शुक्रवार रात वह अपनी महेंद्रा एक्सयूवी कार लेकर रेडिसन ब्लू होटल की ओर जा रहे थे। डीडीए मार्केट पश्चिम विहार में वह कार रोककर फोन पर बात करने लगे। इसी दौरान बाइक पर सवार दो बदमाश वहां पहुंचे।
एक बदमाश ने उनकी कनपटी पर पिस्टल लगाकर गले से सोने की चेन तोड़ ली। पीड़ित किसी तरह से कार से उतरकर मार्केट की ओर भागा। इसके बाद एक बदमाश उनकी कार और दूसरा बाइक से भाग निकले। मोहित ने तुरंत अपने पिता और पुलिस को घटना की जानकारी दी। मौके पर पहुंचे पीसीआर कर्मियों को मोहित ने बताया कि उनकी कार में जीपीएस लगा है।
इसके बाद मोहित ने जीपीएस से अपनी कार का लोकेशन देखकर उसका पीछा किया। कुछ देर बाद मदनपुर डबास के विद्यापत नगर में उनकी कार लावारिस हालत में खड़ी मिली।
पुलिस ने कार की छानबीन की जिसमें वह पिस्टल मिली जिससे धमकाकर बदमाशों ने वारदात को अंजाम दिया था। जांच में वह खिलौने वाली पिस्टल निकली। पुलिस ने पीड़ित के बयान पर लूटपाट का मामला दर्ज कर बदमाशों की तलाश शुरू कर दी है।