ग्रेटर नोएडा के कासना कोतवाली क्षेत्र के जगत फार्म के पास कार सवार बदमाशों ने व्यापारी को ओवरटेक करके उसकी सेंट्रो कार लूट ली। विरोध करने पर उन्होंने उसके साथ मारपीट की। परी चौक के पास कार खराब होने पर बदमाश व्यापारी को अपनी कार में डालकर जीबीयू अंडरपास तक ले गए और वहां फेंककर भाग गए। बदमाश व्यापारी से आठ हजार रुपये और मोबाइल लूट ले गए। पीड़ित ने कासना कोतवाली में तहरीर दे दी है।
हापुड़ निवासी चरणजीत सिंह व्यापारी हैं। मंगलवार को वह सेंट्रो कार से ग्रेटर नोएडा आए थे। रात को करीब साढे़ 11 बजे जब वह वापस लौट रहे थे तो परी चौक से निकलते ही उनके पीछे एक स्विफ्ट कार लग गई। कार से पीछा किए जाने का संदेह होने पर व्यापारी ने अपनी कार को तेज कर दिया।
बदमाशों ने जगत फार्म के पास कार को ओवरटेक करके रोक लिया। तेज रफ्तार होने के कारण व्यापारी की कार बदमाशों की कार से टकरा गई। इसके बाद बदमाशों ने व्यापारी को तमंचा दिखाकर बंधक बना लिया तथा कार की पीछे वाली सीट पर डाल दिया। परी चौक पर सेंट्रो कार अचानक बंद हो गई। इस कारण बदमाशों ने सेंट्रो कार छोड़ दी और व्यापारी को अपनी स्विफ्ट कार में डाल लिया।
करीब दो घंटे तक बदमाश व्यापारी को कार में घुमाते रहे। इस बीच बदमाशों ने उसकी जेब में रखे करीब आठ हजार रुपये और मोबाइल लूट लिए। विरोध करने पर उन्होंने उसके साथ मारपीट भी की। करीब दो घंटे बाद यमुना एक्सप्रेसवे के किनारे सुनसान जंगल में उसे कार से फेंककर बदमाश फरार हो गए। पीड़ित ने एक बाइक सवार युवक से मद्द ली और परी चौक पर आकर पुलिस को घटना की जानकारी दी।
पुलिस ने बदमाशों की तलाश में छापेमारी की लेकिन कोई सफलता नहीं मिली। हालांकि, पुलिस का कहना है कि लूटपाट नहीं हुई बल्कि रोडरेज के कारण मारपीट हुई थी और व्यापारी को डराने के लिए ही उसे बैठाकर ले गए थे। मामले की जांच कराई जा रही है।