- द्वारका नार्थ इलाके की घटना, कार को नाबालिग चला रहा था, पुलिस ने लापरवाही से वाहन चलाने से हुई मौत का मामला दर्ज किया
अमर उजाला ब्यूरो
नई दिल्ली। द्वारका नार्थ इलाके में शुक्रवार तेज रफ्तार कार ने ई-रिक्शा को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर मारने के बाद कार पलट गई। हादसे में गंभीर रूप से घायल ई-रिक्शा चालक को पास के अस्पताल में भर्ती कराया गया जहां उसकी मौत हो गई। जांच में पता चला कि कार को नाबालिग चला रहा था। पुलिस लापरवाही से वाहन चलाने से हुई मौत का मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस मामले में नाबालिग के परिवार वालों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की प्रक्रिया शुरू कर दी है।
ई-रिक्शा चालक की शिनाख्त श्याम विहार निवासी 40 साल के जमालुद्दीन के रूप में हुई है। जिला पुलिस उपायुक्त अंकित सिंह ने बताया कि शुक्रवार को पुलिस को द्वारका मेट्रो स्टेशन गंदा नाला रोड पर सड़क हादसे की जानकारी मिली। पुलिस पहुंची तो कार पलटी हुई थी। साथ ही एक ई-रिक्शा क्षतिग्रस्त हालत में खड़ी थी। पूछताछ में पता चला कि दुर्घटना में ई-रिक्शा चालक गंभीर रूप से घायल हो गया जिसे पीसीआर कर्मी पास के अस्पताल लेकर गए। अस्पताल में पुलिस को पता चला कि घायल ई-रिक्शा चालक की हालत गंभीर है और उसका इलाज चल रहा है। पुलिस ने लापरवाही से वाहन चलाने से हादसा का मामला दर्ज कर लिया।
पुलिस ने कार के नंबर के जरिए आरोपी चालक की पहचान की। छानबीन में पता चला कि कार को एक नाबालिग चला रहा था। इसी बीच पुलिस को पता चला कि घायल ई-रिक्शा चालक ने दम तोड़ दिया है।मृतक के परिवार में उसकी दिव्यांग पत्नी और तीन बच्चे हैं।