फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

शहरियों को रास आ रहा कार फ्री डे, 25 प्रतिशत कम दिखीं कारें

Tue, 01 Dec 2015 06:24 PM IST
ब्यूरो/अमर उजाला, गुड़गांव
विज्ञापन
विज्ञापन
लगता है कि साइबर सिटी वालों को कार फ्री डे रास आने लगा है। मंगलवार को आम दिनों की अपेक्षा सड़कों पर कार की संख्या में 25 फीसदी तक की कमी आई है। यही कारण रहा कि सड़कों पर जाम लगने की तीव्रता में काफी कमी दिखी।
विज्ञापन


हमेशा की तरह से कॉरपोरेट कंपनियों ने इसे सफल बनाने के लिए बेहतरीन प्रयास किया। उद्योग विहार स्थित नगारो कंपनी के 60 प्रतिशत कर्मचारी सार्वजनिक वाहनों से ऑफिस पहुंचे। वहीं साइकिल रैली ने भी लोगों को सार्वजनिक वाहनों के प्रयोग के लिए जागरूक किया।

दिनोंदिन औपचारिक बनते कार फ्री अभियान में इस मंगलवार को नई जान दिखी। इससे टीम कार फ्री, पुलिस और कॉरपोरेट जगत काफी उत्साहित है। इन सभी का कहना है कि कार फ्री डे अब रंग लाने लगा है।
विज्ञापन


यही कारण है कि लोग सार्वजनिक वाहनों के इस्तेमाल को वरीयता देने लगे हैं। पिछले अन्य अभियानों के मुकाबले इस बार साइकिल सवारों की संख्या भी भरपूर दिखी।

अपने कार्यस्थल से चार से पांच किलोमीटर दूर रहने वालों में साइकिल से आने का क्रेज बढ़ता जा रहा है। गुड़गांव में नई साइकिलों को खरीदने का सिलसिला में तेज हो गया है। एमजी रोड पर किराये की साइकिल लेने वालों की भी संख्या बढ़ती जा रही है।

सुभाष चौक से हुडा सिटी सेंटर रोड पर भी कारों का कारवां रोजाना से कम दिखा। इस रोड पर साइकिल सवारों की संख्या काफी अधिक रही। सेक्टर-15 के एक ऑफिस में काम करने वाले राजदीप का कहना है कि अब तो अमीर भी साइकिल से चलने लगे हैं।

उसका कहना है कि एक साल पहले जब वह साइकिल से आता था तो सड़क पर दूसरा साइकिल सवार नजर नहीं आता था, पर अब सैकड़ों लोग साइकिल से आते हैं। गोल्फ कोर्स रोड पर भी कारें कम दिखीं।

उद्योग विहार में भी कार काफी कम दिखीं। वहीं साइबर हब में भी कारों की कमी रही। शंकर चौक पर कारों का दबाव रोजाना की तरह बना रहा। यहां का नजारा कार फ्री डे के अनुकूल नहीं दिखा।

स्कॉटिश स्कूल से निकली साइकिल रैली : कार फ्री डे के दौरान साइकिल रैली विशेष आकर्षण का केंद्र रहा। यहां साइकिल रैली स्कॉटिश हाई इंटरनेशनल स्कूल से होते हुए सुशांत लोक स्थित ट्रैफिक टावर तक गई।

रैली में पुलिस कमिश्नर नवदीप सिंह विर्क, ज्वाइंट पुलिस कमिश्नर सौरभ सिंह सहित अन्य पुलिस अधिकारियों ने भी इसमें हिस्सा लिया। स्कॉटिश स्कूल में पुलिस कमिश्नर ने विद्यार्थियों को संबोधित किया।

इस दौरान आई केयर ने स्कूल बस चालकों को सुरक्षित वाहन चालन का प्रशिक्षण दिया। स्कॉटिश स्कूल के विद्यार्थियों ने पोस्टरों के माध्यम से लोगों को सार्वजनिक वाहनों के प्रयोग के प्रति जागरूक किया।

नगारो की नई पहल : सॉफ्टवेयर कंपनी नगारो ने बेसमेंट की फ्री पार्किंग पर मंगलवार के दिन शुल्क लगा दिया है। कार पार्क करने वालों से 100 रुपये लिए जाते हैं। इनका इस्तेमाल कंपनी में एयर फ्यूरीफायर लगाने में किया जा रहा है। नगारो के सीईओ मानस फुलोरिया शुरू से ही कार फ्री अभियान की सफलता के लिए प्रयास कर रहे हैं।
विज्ञापन

और पढ़ें...
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें