किशनगढ़ इलाके में 15 जून की शाम को तीन बदमाशों ने एक कार चालक को उसकी ही गाड़ी में बंधक बना लिया। बदमाशों ने पीड़ित को करीब एक घंटे तक बंधक बनाकर सड़कों पर घुमाया और उसकी जमकर पिटाई की। बाद में आरोपी उसे असोला भाटी में सड़क पर फेेंक कर गाड़ी, पैसे व मोबाइल लेकर फरार हो गए। मामले की शिकायत पर किशनगढ़ थाना पुलिस ने संबंधित धारा में केस दर्ज कर जांच शुरू की।प्राथमिक जांच के बाद पुलिस ने आरोपियों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया। आरोपियों योगेश उर्फ कमांडो, अशोक कुमार और बंटी के पास से टाटा हैरियर कार, दो मोबाइल फोन, एक देशी पिस्तौल और एक जिंदा कारतूस बरामद किया है।
पुलिस उपायुक्त अमित गोयल ने बताया कि 15 जून को पीड़ित सागर ने किशनगढ़ थाना पुलिस को शिकायत दी। अपनी शिकायत में उसने बताया कि वह कारोबारी जुबिन के यहां कार चालक की नौकरी करता है। वह रविवार शाम को जुबिन और उसकी पत्नी को एक समारोह में शामिल होने के लिए कुतुब इंस्टीट्यूशनल एरिया लेकर आया था। दोनों समारोह में शिकरत करने के लिए चले गए और वह गाड़ी में बैठकर बाहर उनका इंतजार करने लगा।
इसी दौरान तीन लोग वहां आए और उन्होंने पिस्तौल दिखाई और जबरन गाड़ी में घुस गए। दो आरोपियों ने उसे बंधक बना लिया, जबकि एक अन्य गाड़ी चलाने लगा। आरोपियों ने उसकी पिटाई की और फिर करीब एक घंटे तक उसे बंधक बनाकर घुमाते रहे। बाद में वह मोबाइल, पैसे और गाड़ी लूट कर फरार हो गए। सागर की शिकायत पर इंस्पेक्टर राजीव कुमार, एसआई धर्मेंद्र और हेडकांस्टेबल योगेश व दिलीप की टीम ने केस दर्ज कर जांच शुरू की।
जीपीएस से ट्रेक का गाड़ी का पीछा किया
पुलिस ने शिकायत मिलने के बाद जांच शुरू की। वारदात स्थल पर लगे सीसीटीवी फुटेज का विश्लेषण किया गया, मोबाइल फोन को सर्विलांस पर लगाया गया। तकनीकी निगरानी बढ़ाने के साथ ही पुलिस ने जीपीएस की मदद से गाड़ी को ट्रेक किया। पुलिस टीम ने आरोपियों का पीछा शुरू किया और कई घंटों तक उनके पीछे लगी रही और अंत में पुलिस ने आरोपियों को दबोच लिया। आरोपियों के पास से लूटा गया सारा सामान बरामद कर लिया गया। आरोपियों पर चोरी, लूट सहित गंभीर धारा में दस केस पहले भी दर्ज हैं। फिलहाल उन्हें जेल भेज दिया गया है।