दिल्ली में पुलिसवालों पर हमले की घटनाएं थम नहीं रही हैं। पूर्वी दिल्ली स्थित अक्षरधाम मंदिर के शुक्रवार देर रात एक हेड कॉन्सटेबल को कार से कुचल कर जान से मारने कोशिश की गई।
घटना में हेड कॉन्सटेबल बुरी तरह से घायल हो गया। उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसकी हालत गंभीर बनी हुई है।
घटना की जानकारी पर मौके पर पहुंची पुलिस ने आरोपी को मौके से ही उसके दो साथियों के साथ गिरफ्तार कर लिया गया है। पुलिस के मुताबिक आरोपी घटना के वक्त नशे में था।
चेकिंग से बचने के लिए वारदात को अंजाम
पूर्वी दिल्ली के अक्षरधाम मंदिर के पास पांडव नगर इलाके में स्थित सीडब्लूजी गांव के पास शुक्रवार रात करीब एक बजे दिल्ली पुलिस के 45 वर्षीय हेड कॉन्सटेबल रघुनंदन बेरिकेडिंग लगाकर वाहनों की चेकिंग कर रहे थे।
इसी बीच उन्हें सामने एक डस्टर कार आती हुई दिखी, तो रघुनंदन उसे भी चेकिंग के लिए हाथ देकर रोकने की कोशिश की। शुरुआत में तो कार सामान्य स्पीड से आ रही थी, लेकिन नजदीक आने पर कार की स्पीड बेहद तेज हो गई और सीधे आकर पुलिस कॉन्सटेबल को टक्कर मार दी।
टक्कर से रघुनंदन बुरी तरह से घायल हो गए और वहीं गिरकर तड़पने लगे। जबकि टक्कर के बाद कार भी आगे जाने लायक नहीं बची। घटना की जानकारी पर नजदीकी थाने की पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची और आरोपी ड्राइवर सिद्धांत को उसके दो साथियों के साथ हिरासत में ले लिया। रघुनंदन को मैक्स अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
ट्रक ने सब इंस्पेक्टर को कुचला, मौत
दिल्ली के ही अलीपुर इलाके में बृहस्पतिवार देर रात एक बेलगाम ट्रक ने दिल्ली पुलिस के सब इंस्पेक्टर हजारी लाल (56) को रौंद दिया। सब इंस्पेक्टर की मौके पर ही मौत हो गई।
घटना के समय सब इंस्पेक्टर सरकारी बाइक से एक मामले की तफ्तीश के लिए नरेला इलाके में जा रहे थे। घटना के बाद अलीपुर थाना पुलिस ने ट्रक को जब्त कर चालक को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने चालक के खिलाफ लापरवाही से वाहन चलाने से हुई मौत का मामला दर्ज किया है।
हजारीलाल की मौके पर ही मौत हो गई। घटना की जानकारी मिलने के बाद मौके पर पहुंची अलीपुर थाना पुलिस ने शव को कब्जे में कर लिया। साथ ही पुलिस ने मौके से ही ट्रक को जब्त कर उसके चालक रोहित (19) को गिरफ्तार कर लिया।
सड़क हादसे में पुलिसकर्मियों की मौत
. 14 दिसंबर 2014-जैतपुर में कैब ने दो पुलिसकर्मी एएसआई नागेंद्र और हेड कांस्टेबल प्रहलाद को कुचला, मौत।
. 16 जुलाई 2014-दिलशाद गार्डन इलाके में कांस्टेबल विकास कुमार को कार ने कुचला, मौत।
. 14 जून 2014: जखीरा पुल पर तैनात ट्रैफिक पुलिस के सिपाही मन्ना राम को कार ने कुचला, मौत।
. 21 अप्रैल 2014: नजफगढ इलाके में कांस्टेबल प्रह्लाद सहाय मीणा की सड़क हादसे में मौत।
. 14 फरवरी 2014: सब इंस्पेक्टर हेमराम की दिल्ली पुलिस मुख्यालय के पास सड़क पार करने के दौरान अज्ञात वाहन के चपेट में आने से मौत।