सेक्टर-4 में मंगलवार सुबह ताऊ के साथ सड़क पार कर रहे छह साल के कमल को तेज रफ्तार कार ने टक्कर मार दी। मासूम की मौके पर ही मौत हो गई। आसपास मौजूद लोगों ने कार चालक को दबोचकर पुलिस के हवाले कर दिया।
पुलिस ने कार सीज करके आरोपी चालक को जेल भेज दिया है। इकलौते बेटे की मौत से परिवार में कोहराम मचा है।
कमल का परिवार वसुंधरा सेक्टर-4ए स्थित झुग्गियों में रहता है। उसके पिता शिव कुमार मजदूरी करते हैं। कमल सेक्टर-2 स्थित सूर्योदय बाल शिक्षा केंद्र में पढ़ता था।
शिव कुमार का भाई जगबीर उसे स्कूल छोड़ने जा रहा था। सेक्टर-2 तिराहे के पास कमल ताऊ का हाथ छुुड़ाकर सड़क पार करने लगा। तभी बुद्ध चौक की तरफ से आ रही तेज रफ्तार कार ने उसे टक्कर मार दी।
कमल को सिर पर गंभीर चोट लगी, जिससे उसकी मौत हो गई। आसपास मौजूद लोगों ने कार चालक महताब निवासी इंद्रलोक दिल्ली को पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया।
वह वसुंधरा निवासी अपने दोस्त से मिलने आया था। एसएचओ इंदिरापुरम गोरखनाथ यादव ने बताया कि कार को सीज कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है।
सदमे में परिवार
कमल शिवकुमार और अनीता का इकलौता बेटा था। उसकी मौत से मां का रो-रोकर बुरा हाल है। मां का कहना है कि उसने बेटे को स्कूल भेजा ही क्यों। अगर वह स्कूल नहीं भेजती तो उसकी जान नहीं जाती।