हापुड़ जिले में दिल्ली जा रही कार आगे जा रहे ट्रक में घुस गई। हादसे में कार सवार पांच लोग घायल हो गए। घायलों को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
बाबूगढ़ थाना क्षेत्र के नए बाईपास पर उपेडा के पास मुरादाबाद से दिल्ली जा रही कार आगे जा रहे ट्रक में घुस गई। इस दौरान कार में सवार महिला सहित पांच लोग घायल हो गए। घायलों को बाबूगढ़ पुलिस ने सीएचसी में भर्ती कराया, जहां उनका उपचार किया जा रहा है।
विज्ञापन
जिला मुरादाबाद के गांव बसेरा निवासी बलजीत मंगलवार की देर रात को परिवार के साथ कार लेकर दिल्ली जा रहे थे। करीब साढ़े 12 बजे जब कार नए बाईपास पर बाबूगढ़ के पास पहुंची तो चालक को नींद की झपकी के कारण कार आगे जा रहे ट्रक में घुस गई। हादसे में कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और सभी लोग कार में फंस गए।
पेट्रोलिंग कर रही हाइवे गाड़ी के पुलिसकर्मियों ने घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया। घायलों में चालक बलजीत, उसका भाई नीरज, मां इंद्रावती, पिता रामबहादुर और कार्तिक शामिल हैं, जिनका उपचार किया जा रहा है। वहीं, ट्रक लेकर चालक मौके से फरार हो गया है।