गुरुग्राम के आईएमटी मानेसर गैंगरेप मामले में छेड़छाड़ के आरोपी कैंटर चालक को पुलिस ने रविवार कोर्ट में पेश किया। जहां से आरोपी चालक राजेश को जेल भेज दिया गया। पुलिस ने आरोपी कैंटर चालक को शनिवार देर रात सेक्टर-8 हाइवे से गिरफ्तार किया था। उससे कैंटर भी पुलिस ने बरामद कर लिया है, जिसमें महिला से छेड़छाड़ की गई थी।
जांच अधिकारी एएसआई धर्मवीर ने बताया कि चालक राजेश का आपराधिक रिकॉर्ड की छानबीन करने के लिए एक टीम को उसके गांव हसनपुर बुलंदशहर भेजा गया है। जो चालक की सारी जानकारी लेकर आएगी। आरोपी राजेश पिछले 12 साल से गुरुग्राम में कैंटर चला रहा था।
500 कैंटरो की जांच के बाद पकड़ा गया आरोपी
एएसआई धर्मवीर ने बताया कि कैंटर चालक की पहचान करने के लिए पुलिस ने 29 मई रात को हाईवे से गुजरने वाले लगभग 500 कैंटरों की जांच के बाद चालक की पहचान हुई है। हाईवे पर लगे सीसीटीवी की मदद से कैंटर चालक को पकड़ने में सफलता मिली है।
15 सीसीटीवी कैमरों से किया जा रहा है मिलान
गैंगरेप के आरोपी तीनों युवकों से पुलिस ने रविवार को हाईवे पर लगे सीसीटीवी फुटेज से मिलान किया गया है। जिसमें युवकों की कद काठी का मिलान हुआ है। तीनों आरोपियों का सोमवार को रिमांड खत्म होगा और मंगलवार को कोर्ट में पेश किया जाएगा।
पुलिस ने शिनाख्त परेड के लिए कोर्ट में दी अर्जी
मानेसर गैंगरेप मामले में सभी चारों आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। मामला फास्ट ट्रैक कोर्ट में चल रहा है। इसलिए पुलिस ने रविवार को कोर्ट में चारों आरोपियों की शिनाख्त के लिए अर्जी दी है। जिसमें पीड़िता चारों आरोपियों की शिनाख्त करेगी और उसके बाद पुलिस कोर्ट में चालान पेश कर मामले की सुनवाई शुरू होगी। जिससे जल्द से जल्द आरोपियों को सजा सुनाई जा सके।