- डीयू के हंसराज कॉलेज ने जारी किया नोटिस, 66.67 फीसदी उपस्थिति अनिवार्य
-कॉलेज प्रशासन ने कहा परीक्षा में बैठने देने का निर्णय कमेटी करेगी
अमर उजाला ब्यूरो
नई दिल्ली। दिल्ली विश्वविद्यालय में सेमेस्टर परीक्षाओं का दौर शुरू होने वाला है। कॉलेज कम उपस्थिति पर छात्रों को परीक्षा में बैठने से रोक सकती है। डीयू के हंसराज कॉलेज ने सेमेस्टर परीक्षाएं शुरू होने से पहले स्पष्ट किया है कि छात्रों की कम उपस्थिति पर उन्हें परीक्षा में बैठने की अनुमति नहीं दी जाएगी। इस संबंध में कॉलेज की ओर से एक नोटिस निकाला गया है।
हंसराज कॉलेज प्रिंसिपल डॉ. रमा की ओर से जारी नोटिस में कहा गया है कि दिल्ली विश्वविद्यालय के नियमानुसार सेमेस्टर-2 के जिन विद्यार्थियों की कुल उपस्थिति 66. 67 प्रतिशत से कम है, उन्हें आगामी सेमेस्टर की अंतिम परीक्षा में बैठने की अनुमति नहीं दी जाएगी। प्रिंसिपल ने बताया कि अभी हमने नोटिस जारी किया है। अब देखा जाएगा कि कितने छात्र कम उपस्थिति को लेकर अपने विभाग में पहुंचते हैं। अभी हमारे पास कम उपस्थिति वाले छात्रों की कुल संख्या नहीं आई है।
उन्होंने कहा कि किस कारण से छात्र की उपस्थिति कम रही, इसको देखा जाएगा। परीक्षा में बैठने की अनुमति दी जाए या नहीं, इस संबंध में अंतिम फैसला कॉलेज कमेटी ही करेगी। मालूम हो कि बीते साल शहीद भगत सिंह कॉलेज ने लगभग 690 छात्र-छात्राओं के परीक्षा देने पर रोक लगा दी थी। कुछ छात्रों पर एक पेपर, कुछ पर दो तो कुछ पर सभी पेपरों की परीक्षा देने पर रोक लगाई गई थी।