इंजीनियरिंग व प्रबंधन कॉलेजों में प्रवेश के लिए होने वाली उत्तर प्रदेश राज्य प्रवेश परीक्षा (यूपीएसईई-2017) की तारीखें घोषित कर दी गई हैं। इस बार एपीजे अब्दुल कलाम प्राविधिक विश्वविद्यालय (एकेटीयू)की ओर से राज्य प्रवेश परीक्षा कराई जाएगी। विस्वविद्यालय प्रशासन ने बताया कि प्रवेश परीक्षा 16, 22 और 23 अप्रैल को आयोजित होगी।
विश्वविद्यालय प्रशासन ने परीक्षा की तारीख घोषित करते हुए बताया कि प्रवेश परीक्षा के लिए अगले सप्ताह फॉर्म जारी कर दिए जाएंगे। इसके नतीजे मई में घोषित होंगे। विश्वविद्यालय में हुई प्रवेश समिति की बैठक में इस बारे में निर्णय लिया है। विवि प्रशासन की ओर से जल्द ही वेबसाइट पर परीक्षा से संबंधित सभी जानकारियां विस्तृत रूप से उपलब्ध करा दी जाएंगी।
विश्वविद्यालय प्रशासन ने बताया कि यूपीएसईई की परीक्षा में आवेदन करने के लिए इस बार आधार कार्ड को अनिवार्य कर दिया गया है। जिन परीक्षार्थियों के पास आधार कार्ड नहीं होगा, वे यूपीएसईई में आवेदन नहीं कर सकेंगे। फॉर्म पर आधार नंबर अनिवार्य रूप से भरना होगा।