देशभर के विश्वविद्यालयों और उच्च शिक्षण संस्थानों में लॉकडाउन के चलते वार्षिक परीक्षा में देरी और शैक्षणिक सत्र 2020-21 में दाखिला, सेमेस्टर व पढ़ाई के समाधान को लेकर विश्वविद्यालय अनुदान आयोग (यूजीसी) ने सात सदस्यीय एक्सपर्ट कमेटी गठित की है। इस कमेटी की अध्यक्षता केंद्रीय विश्वविद्यालय महेंद्रगढ़ के कुलपति प्रो. आरसी कुहाड़ करेंगे।
कमेटी देशभर के विश्वविद्यालय प्रबंधन से बात करने के आधार पर अपनी रिपोर्ट 13 अप्रैल को सौंपेगी। कमेटी अगले सत्र के लिए उच्च शिक्षण संस्थानों का अकेडमिक कलेंडर भी बनाकर देगी। इसी एक्सपर्ट कमेटी की सिफारिशों के आधार पर आगे की रणनीति तय होगी।
यूजीसी के सचिव प्रो. रजनीश जैन के मुताबिक, कोरोना से बचाव के चलते लॉकडाउन भी जरूरी है। ऐसे में देश के सभी उच्च शिक्षण संस्थान बंद पड़े हैं। विश्वविद्यालयों और उच्च शिक्षण संस्थानों में शैक्षणिक सत्र 2019-20 के तहत वार्षिक परीक्षा आयोजित नहीं हुई है।
ऐसे में परीक्षा आयोजित करवाने से लेकर रिजल्ट जारी करना भी बड़ी दिक्कत है। वहीं, आगामी शैक्षणिक सत्र 2020-21 के लिए भी दाखिला प्रक्रिया शुरू करना, दाखिले के लिए प्रवेश परीक्षा और उसके बाद अगले साल का अकेडमिक कलेंडर तैयार होगा। इसी कलेंडर में सेमेस्टर सिस्टम में किस प्रकार कितना पाठ्यक्रम, परीक्षा आदि की रूपरेखा बनेगी।