यूनिवर्सिटी से संबंधित छात्रों को किसी भी प्रकार की परेशानी होने पर यूनिवर्सिटी 24 घंटे मदद को हाजिर रहेगी। इसके लिए खास तौर पर यूनिवर्सिटी को चौबीसों घंटे चलने वाली हेल्पलाइन शुरू करनी होगी।
यूनिवर्सिटी ग्रांट कमीशन (यूजीसी) ने इसे लेकर देशभर के सभी विश्वविद्यालयों को निर्देश जारी किए हैं। आयोग ने एडमिशन प्रक्रिया के दौरान छात्रों को होने वाली परेशानियों को देखते हुए यह निर्णय लिया है। बता दें कि गुड़गांव में स्थित आठ प्राइवेट व डीम्ड यूनिवर्सिटी को भी आदेश दिए गए हैं। यूजीसी ने जारी आदेश में कहा कि दाखिले प्रक्रिया के दौरान एक हेल्पलाइन शुरू की जाए। हेल्पलाइन सप्ताह के सातों दिन और चौबीसों घंटे चलाई जाए। ताकि छात्रों को परेशानी न हो।
दाखिले के समय विद्यार्थी व अभिभावकों को सबसे ज्यादा समस्याएं आती हैं। समय पर जानकारी नहीं मिलने के कारण उन्हें भटकना पड़ता है। ऐसे में सभी यूनिवर्सिटी और कॉलेज अपने पोर्टल पर समस्या के समाधान के लिए 24 घंटे हेल्पलाइन की सुविधा उपलब्ध कराएं।
कंफ्यूजन से दिलाएगी निजात
दाखिले के समय में विद्यार्थियों के मन में कई तरह की शंकाएं होती है। कोर्स, स्ट्रीम और सब्जेक्ट्स आदि को लेकर अनुभव का अभाव विद्यार्थियों को और भी परेशानी में डाल देता है। कई बार कंफ्यूजन में गलत फैसले ले लिए जाते है।
जिसके चलते बाद में छात्रों को सब्जेक्ट चेंज करने आदि के लिए आवेदन करने को भटकना पड़ता है। एक ही प्लेटफॉर्म पर सभी जानकारियां मिल सकें। इसी मकसद से यूजीसी ने सभी कॉलेज व यूनिवर्सिटी को अपनी वेबसाइट के होम पेज पर एक हेल्पलाइन नंबर उपलब्ध कराने के निर्देश दिए हैं।
डॉ. जोगेंद्र यादव, प्रभारी एडमिशन, एसजीटी यूनिवर्सिटी: एडमिशन के वक्त विद्यार्थी फ्यूचर को लेकर बेहद तनाव में होते हैं। कोर्स और सब्जेक्ट्स को लेकर सही गाइडेंस न मिल पाने के कारण अक्सर परेशान नजर आते हैं। यूजीसी की इस पहल से स्टूडेंट्स को सही मार्गदर्शन मिलेगा। एसजीटी यूनिवर्सिटी की ओर से भी 24 घंटे का हेल्पलाइन नंबर शुरू कर दिया गया है।