एमडीयू से जुड़े शहर के कॉलेजों में स्नातक की पहली मेरिट बुधवार को जारी होगी। पहली बार उच्चतर शिक्षा विभाग के पोर्टल पर ऑनलाइन मेरिट लिस्ट जारी की जाएगी। छात्रों को एसएमएस के जरिये भी सूचित किया जाएगा।
हालांकि, कॉलेजों की ओर से भी मेरिट लिस्ट चस्पा की जाएगी। इसके साथ ही दाखिला प्रक्रिया शुरू हो जाएगी। शहर में एमडीयू के छह कॉलेज हैं। विद्यार्थी बिना कॉलेज आए भी दाखिले की फीस जमा करा सकते हैं।
फीस जमा कराने के लिए तीन विकल्प दिए जाएंगे। छात्र ऑनलाइन बैंकिंग या 39 बैंकों के क्रेडिट व डेबिट कार्ड से भी फीस जमा करा सकेंगे। इसके अलावा चालान के जरिये भी फीस जमा कराने का विकल्प दिया जाएगा।
डॉक्यूमेंट वेरीफिकेशन के लिए कॉलेज आना होगा। मालूम हो कि इस बार मेरिट लिस्ट तैयार करने की जिम्मेदारी उच्चतर शिक्षा विभाग ने खुद ले ली थी। विभाग के डिप्टी डायरेक्टर अरुण जोशी ने बताया कि तय तारीख के अनुसार सभी कॉलेजों की मेरिट संबंधित कॉलेजों के पोर्टल पर डाल दी जाएगी।
पहली कटऑफ के तहत दाखिला लेने के लिए मूल दस्तावेज लाना जरूरी है। बिना मूल प्रमाणपत्र के क्रॉस वेरीफिकेशन और वेटेज नहीं दिया जाएगा। एडमिशन कमेटी का गठन कर दिया गया है। कमेटी ही छात्रों के मूल दस्तावेज जांचेगी।
यह दस्तावेज जरूरी
-10वीं व 12वीं का मार्कशीट
-चरित्र प्रमाणपत्र
-रिहायश प्रमाणपत्र
-जाति प्रमाणपत्र (यदि आवश्यक हो)
-वेटेज प्रमाणपत्र (इसमें खेल व एक्ट्रा करिकुलर एक्टिविटी शामिल है। लाभ लेने के लिए मूलप्रमाण दिखाना होगा)
-माइग्रेशन सर्टिफिकेट (अगर 12वीं हरियाणा के बाहर से हो)
-आय प्रमाणपत्र (यदि आवश्यक हो)