उच्च शिक्षा के लिए शहर के युवाओं को अब धक्के नहीं खाने होंगे। बल्लभगढ़ एवं बड़खल विधानसभा क्षेत्र को दो नए कॉलेज की सौगात सरकार देने जा रही है। इनमें से एक कॉलेज छात्राओं के लिए शुरू होगा। जमीन का चयन हो गया है।
बल्लभगढ़ में बाईपास रोड स्थित सेक्टर दो में पौने छह एकड़ जमीन कॉलेज के लिए उच्चतर शिक्षा विभाग को सौंप दी है। इसे महिला कॉलेज के रूप में विकसित किया जाएगा। इसके अलावा बड़खल विधानसभा में राजकीय कॉलेज निर्माण के लिए नोडल अधिकारी ने फिजिबिलिटी रिपोर्ट तैयार कर उच्चतर शिक्षा विभाग को सौंप दी है।
इन कॉलेजों में भविष्य की संभावनाओं को ध्यान में रखते हुए पाठ्यक्रम शुरू किए जाएंगे। इन दो कॉलेजों के साथ जिले में कॉलेजों की संख्या बढ़कर 11 हो जाएगी। उल्लेखनीय है कि इस बार अकेले नेहरू कॉलेज में ढाई हजार सीटों पर 35 हजार विद्यार्थियों ने आवेदन किया था, जिस कारण कई विद्यार्थियों को दाखिला प्रक्रिया से वंचित होना पड़ा।
इन विद्यार्थियों ने निजी कॉलेज की तरफ रुख किया था। नोडल अधिकारी डॉ. प्रीता कौशिक ने बताया कि दो नए कॉलेज शुरू होने से उच्च शिक्षा के क्षेत्र में खासा बदलाव आएगा। दाखिले की राह आसान होगी।