शिक्षक अभी तबादलों के तनाव से उबर भी नहीं पाए कि परीक्षा संपन्न कराने की जिम्मेदारी सिर पर आ पड़ी है। शिक्षा विभाग ने 9वीं से 12वीं कक्षा तक अर्द्धवार्षिक परीक्षाओं का शेड्यूल जारी कर दिया है।
वहीं, मौलिक शिक्षा विभाग के निदेशक ने पत्र जारी कर कक्षा एक से 8वीं तक मासिक टेस्ट की डेटशीट जारी की है। दरअसल, पिछले दिनों 9 हजार से ज्यादा पीजीटी और 22 हजार से अधिक जेबीटी शिक्षकों का तबादला नई स्थानांतरण नीति के तहत हुआ था।
देखा जाए तो अभी तक शिक्षक अपने-अपने स्टेशनों पर ज्वाइनिंग भी नहीं कर पाए कि शिक्षा विभाग ने अर्ध वार्षिक परीक्षाओं का शेड्यूल जारी कर दिया है।
यह परीक्षाएं 24 सितंबर से शुरू होंगी। 9वीं तथा 10वीं की परीक्षा 30 सितंबर तक, 11वीं और 12वीं की परीक्षा 3 अक्तूबर तक होंगी। इन परीक्षाओं के लिए प्रश्न पत्र संबंधित डाइट द्वारा तैयार किए जाएंगे।
इसके लिए विभागीय अधिकारियों को आवश्यक जानकारी भेज दी गई है ताकि वह विद्यार्थियों व स्कूल प्रबंधन को भी इससे अवगत करा सकें।
वहीं, मौलिक शिक्षा विभाग के निदेशक ने पत्र जारी कर एक से 8वीं कक्षा की रिवाइज डेटशीट जारी की है। इन परीक्षाओं के प्रश्नपत्र हरियाणा स्कूल शिक्षा बोर्ड तैयार कराएगा।
मई में नहीं हो पाई थी मासिक परीक्षा
बता दें सेमेस्टर सिस्टम खत्म करने के बाद विभाग ने हर माह मासिक टेस्ट अनिवार्य किया था। निर्धारित अंक छह टेस्टों के आधार पर बंटेंगे, लेकिन शिक्षा विभाग मई में पहला टेस्ट नहीं ले पाया, इसलिए इसे सितंबर माह में लिया जाएगा।