ग्रेटर नोएडा में रिलायंस कंपनी के मुफ्त 4जी नेटवर्क जियो की धूम मची है। वहीं, शहर के चुनिंदा संस्थानों में भी कंपनी 4 जी वाई-फाई नेटवर्क भी मुफ्त देने जा रही है।
इसके लिए कंपनी ने जीएल बजाज, एक्यूरेट समेत अन्य कॉलेजों से संपर्क साधा है। संस्थानों से हरी झंडी मिलने पर तेजी से सेटअप भी लगाया जा रहा है। तकनीकी अड़चनों को दूर कर जल्द छात्रों को सुपरफास्ट इंटरनेट की सुविधा मिल सकेगी।
एक्यूरेट संस्थान से प्रोफेसर रिपुदमन गौर ने बताया कि संस्थान से कंपनी के प्रतिनिधियों ने बातचीत की है। हालांकि, कुछ तकनीकी दिक्कत आ रही हैं। इसे जल्द ही दूर करने के लिए कंपनी की टीमें कार्य कर रही हैं। आशा है जल्द ही हमारे साढ़े चार हजार छात्र-छात्राओं सहित कॉलेज स्टाफ को बेहतर वाई-फाई सुविधा मिल सकेगी।
जीएल बजाज संस्थान के वाइस चेयरमैन पंकज अग्रवाल ने बताया कि कंपनी ने संस्थान में मुफ्त 4 जी वाई-फाई सुविधा देने के लिए अनुरोध किया है। कंपनी की टीमें इसे जल्द शुरू करने का प्रयास कर रही हैं।
छात्र-छात्राओं की बांछें खिलीं
कॉलेजों में मुफ्त 4 जी सुविधा की जानकारी मिलने पर संस्थानों के छात्र-छात्राओं की बांछे खिल गई हैं। अब संस्थानों में छात्रों को 4जी स्पीड मिलने पर सर्चिंग, चैटिंग और डाउनलोडिंग की सुविधा को पंख लग जाएंगे।
हालांकि, कंपनी यूजर को कितना डाउनलोड मुफ्त देगी, इसकी जानकारी नहीं मिली है। बता दें कि अभी तक शैक्षिक संस्थानों में छात्रों को वाई-फाई की सुविधा कुछ विशेष दायरे में मिलती थी। इसके लिए छात्रों से शुरुआती फीस के पैकेज में ही फीस ले ली जाती है।