नोएडा के एक कॉलेज की वेबसाइट हैक होने के मामले में कॉलेज की ओर से अभी लिखित शिकायत नहीं की गई है। उधर, कॉलेज में शुक्रवार को वेबमास्टरों द्वारा वेब को सुरक्षित रखने के लिए उपायों पर चर्चा की गई और इसमें विशेषज्ञों को भी बुलाया गया था।
दरअसल, सेक्टर-62 स्थित नामचीन कॉलेज की बुधवार शाम को वेबसाइट हैक कर ली गई। कॉलेज की वेबसाइट पर हैकर्स ने पाकिस्तान का झंडा लगा रखा था और पाकिस्तान जिंदाबाद समेत कई नारे भी लिख रखे थे।
कॉलेज प्रबंधन को जब इस घटना की जानकारी लगी तो उन्होंने तुरंत उसे बंद करा दिया और मौखिक रूप से इस मामले की सूचना एसपी सिटी और सेक्टर-58 थाना पुलिस को दे दी गई थी।
शुक्रवार को कॉलेज प्रबंधन की ओर से वेब मास्टरों की तकनीकी विशेषज्ञों की करीब दो घंटे तक मीटिंग हुई। इसमें विशेषज्ञों ने बताया कि एसी डाट इन की वेबसाइट को हैक करके असामाजिक तत्वों ने एक प्रयोग किया है कि इस तरह से भविष्य में यदि वह वेबसाइट को हैक करना चाहे तो कर सकते हैं। इस बार करीब 14 हजार वेबसाइटों को हैकर्स ने हैक किया है।