अब केन्द्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड(सीबीएसई) की वेबसाइट पर उपलब्ध जानकारी को आसानी से लिया जा सकेगा। सीबीएसई ने अपनी वेबसाइट का मेकओवर करते हुए उसे पहले से अधिक छात्र, स्कूल, शिक्षक व अभिभावक हितैषी बनाया है।
शैक्षणिक सुधारों केसंबंध में फीडबैक देने के लिए बोर्ड ने इसकी सुविधा मुख्य पेज पर ही उपलब्ध कराई है। बोर्ड केअधिकारियों की मानें तो अब बोर्ड से जुड़े सभी हितधारक आसानी से आवश्यक जानकारी को प्राप्त कर सकेंगे। नए बदलावों के आधार पर वेबसाइट नए कलेवर में शुरू हो गई है।
बोर्ड के अधिकारी के मुताबिक पुरानी वेबसाइट में मुख्य पृष्ठ पर जानकारियों के संबंध में विकल्प स्पष्ट नहीं थे। ऐसे में स्पष्टता लाने और हितधारकों के लिए इसे हितैषी बनाने के लिए ही बदलाव किए गए हैं। नई वेबसाइट पर शिक्षक, अभिभावक, स्कूल प्रबंधन व छात्रों के लिए स्पष्ट कॉलम को उपलब्ध कराया गया है।
इस तरह से अब इन हितधारकों को अलग से किसी लिंक पर जाने की आवश्यकता नहीं। इसके साथ ही बोर्ड के डिजिटल प्रयासों की जानकारी भी प्रमुखता के साथ मुख्य पेज पर ही उपलब्ध कराई गई है।
वहीं नाम में बदलाव, जन्म तिथि में संशोधन के लिए फॉर्म व अन्य सुविधाओं के फॉर्म को ढूंढना पड़ता था, लेकिन अब वह आसानी से मुख्य पेज पर ही उपलब्ध कराए गए हैं।
वहीं शैक्षणिक सुधारों को लेकर एक अलग कॉलम केमाध्यम से शिक्षक, प्रिंसिपल, अभिभावक व छात्र अपना फीडबैक भी दे सकेंगे। वहीं, सीबीएसई की ओर से कराई जाने वाली विभिन्न परीक्षाओं की वेबसाइट के लिंक भी एक क्लिक पर उपलब्ध होंगे।