जिले के सरकारी एवं निजी कॉलेजों में ऑनलाइन दाखिला प्रक्रिया अब छह जून से नहीं बल्कि आठ जून से शुरू होगी। आवेदन की अंतिम तिथि 30 जून तय की गई है। इस बार विद्यार्थी का नाम कटऑफ लिस्ट में होने पर इसकी जानकारी एसएमएस के जरिये छात्रों के मोबाइल पर भेजी जाएगी। डिजिटल इंडिया अभियान के तहत तेजी से सूचना का आदान-प्रदान करनेे के लिए यह निर्णय लिया गया।
आवेदन के समय विद्यार्थी को अपना सही मोबाइल नंबर फीड करना होगा, नहीं तो कॉलेज के चक्कर भी काटने पड़ सकते हैं। हालांकि कॉलेज प्रशासन को अपनी वेबसाइट पर मेरिट सूची अपलोड करनी होगी ताकि आवेदनकर्ताओं को किसी प्रकार की दिक्कतों का सामना न करना पड़े।
आवेदनकर्ताओं की सुविधा के लिए कॉलेजों में नोटिस बोर्ड पर भी कटऑफ लिस्ट चस्पा की जाएगी। उच्चतर शिक्षा विभाग ने इस संबंध में सभी कॉलेजों को पत्र जारी कर दिया है। दाखिले का पूरा शिड्यूल जारी कर दिया गया है। इसके तहत 30 जून तक प्राप्त होने वाले आवेदन की छंटनी 3 जुलाई को की जाएगी उसके बाद 5 जुलाई को पहली कटऑफ लिस्ट, 10 जुलाई को दूसरी एवं 13 जुलाई को तीसरी कटऑफ लिस्ट जारी की जाएगी। इसके बाद 15 जुलाई से शैक्षणिक सत्र शुरू हो जाएगा।