महर्षि दयानंद विश्वविद्यालय से संबंधित सभी कॉलेजों में दाखिले की दौड़ शुरू हो गई है। छात्र कहीं ऑनलाइन तो कहीं ऑफलाइन आवेदन करने में जुटे हुए हैं। मंगलवार को महाराणा प्रताप जयंती के चलते कुछ कॉलेजों की छुट्टी रही। वहीं, कुछ कॉलेजों में एडमिशन काउंटर खुले रहे।
शहर के सबसे बड़े पंडित जवाहरलाल नेहरु कॉलेज में आवेदन को लेकर विद्यार्थी खासे उत्साहित हैं। कॉलेज प्रधानाचार्या विमला बिश्नोई ने बताया कि विभिन्न कोर्स के लिए अब तक 900 से अधिक आवेदन भरे जा चुके हैं। पहले दिन सोमवार को 878 और दूसरे दिन मंगलवार को कॉलेज की छुट्टी के चलते घर बैठे 23 छात्रों ने ऑनलाइन आवेदन किया। उन्होंने बताया कि कॉलेज में आवेदन के लिए 100 कंप्यूटरों की लैब स्थापित की गई है।
सेक्टर 16 स्थित राजकीय महिला कॉलेज में बीए के 20, बीबीए के 11, बीकॉम के 35 और बीएससी के 17 आवेदन भरे जा चुके हैं। हालांकि सर्वर की गति धीमी होने के चलते आवदेन भरने में छात्राओं को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। प्राचार्या संतोष कुमारी ने बताया कि आवेदन के लिए 45 कंप्यूटरों की व्यवस्था की गई। केएल मेहता दयानंद महिला कॉलेज में दाखिला प्रक्रिया एक जून से शुरू हो गई थी, यहां 1650 से अधिक छात्राओं ने विभिन्न कोर्स में आवेदन किया, जबकि डीएवी शताब्दी कॉलेज में 1150 से अधिक ऑनलाइन फॉर्म भरे जा चुके हैं। केएल मेहता कॉलेज में एडमिशन काउंटर मंगलवार को खुले रहे, जहां छात्रों ने फार्म खरीदे।
पीजी में दाखिले अभी नहीं
कॉलेजों में स्नातक पाठ्यक्रमों में दाखिले शुरू हो गए हैं, लेकिन स्नातकोत्तर पाठ्यक्रमों में अभी दाखिला प्रक्रिया को हरी झंडी नहीं मिली है। जबकि आवेदन प्रक्रिया 5 जून से शुरू करने का दावा किया गया था। नेहरु कॉलेज की प्राचार्या विमला बिश्नोई ने बताया कि इस कॉलेज में स्नातक के लिए ही 10 हजार छात्र आवेदन करते हैं। ऐसे में एक साथ स्नातक व स्नातकोत्तर पाठ्यक्रमों की दाखिला प्रक्रिया शुरू करने में दिक्कतों का सामना करना पड़ता है, इसलिए स्नातकोत्तर की दाखिला प्रक्रिया फिलहाल रोकी गई है।
10 जून के बाद जमा होगी हार्ड कॉपी
शहर के तमाम कॉलेज में छात्र ऑनलाइन और ऑफलाइन आवेदन कर रहे हैं। 10 जून के बाद कॉलेजवार आवेदन की हार्ड कॉपी जमा की जाएगी। इसमें छात्रों को आवेदन की प्रति, चालान, आधारकार्ड, राशनकार्ड, जन्म व जाति प्रमाण पत्र, चरित्र प्रमाण पत्र लगाना होगा। केएल मेहता की प्रवक्ता मीना ने बताया कि विद्यार्थियों को ऑरिजनल चरित्र प्रमाण पत्र लगाना होगा। पहली कटऑफ 6 जुलाई, दूसरी 9 जुलाई और तीसरी 13 जुलाई को जारी की जाएगी।