प्रदेश सरकार की महत्वाकांक्षी योजना लैपटॉप वितरण के तहत शुक्रवार को जिले के 298 मेधावी छात्रों को लैपटॉप बांटे गए। कार्यक्रम का आयोजन बिसरख स्थित गौतमबुद्ध बालक इंटर कॉलेज में किया गया।
मुख्य अतिथि सपा के राष्ट्रीय महासचिव व राज्यसभा सांसद सुरेंद्र सिंह नागर थे। उन्होंने छात्रों से कहा कि लैपटॉप से अपनी पढ़ाई में आगे बढ़ने के साथ-साथ लैपटॉप के माध्यम से सामाजिक कार्य को भी आगे बढ़ाएं।
नागर ने बताया कि मुख्यमंत्री द्वारा बच्चों के लिए एक और बड़ी योजना शीघ्र लाई जा रही है, जिसमें बच्चों का स्मार्ट फोन के लिए पंजीकरण किया जाएगा।
सीडीओ माखन लाल गुप्ता ने बताया कि शुक्रवार को 298 बच्चों को लैपटॉप का वितरण किया गया। यह सभी वर्ष 2014 के सीबीएसई, आईसीएससी और यूपी बोर्ड के मेधावी छात्र हैं। इस अवसर पर जिला विद्यालय निरीक्षक मुनेश कुमार, नोएडा से सपा प्रत्याशी अशोक चौहान और सुनील आदि मौजूद रहे।