दिल्ली विश्वविद्यालय की तीसरी कट ऑफ जारी होने के बाद एक बार फिर से कॉलेजों में छात्रों व अभिभावकों की भीड़ दिखाई दी। कट ऑफ में आई गिरावट के कारण छात्रों ने दाखिले के साथ-साथ दाखिले भी रद्द कराए।
सबसे अधिक दाखिले रद्द बीकॉम पाठ्यक्रम से ही हुए। इस कारण से छात्रों ने एक कॉलेज से दूसरे कॉलेज का रुख किया। तीसरी कट ऑफ लिस्ट के दाखिले बुधवार तक होने हैं। ऐसे में कॉलेज मानकर चल रहे हैं कि अंतिम दो दिनों में दाखिलों का ग्राफ ज्यादा बढ़ेगा।
डीयू की तीसरी कट ऑफ में बीकॉम ऑनर्स में 0.25 फीसदी से लेकर 1.50 तो बीकॉम प्रोग्राम में 0.25 से लेकर 1.25 फीसदी तक की गिरावट हुई है। इस गिरावट के कारण तीसरी लिस्ट में ज्यादातर कॉलेजों में छात्रों ने बीकॉम से ही अपने दाखिले रद्द कराए। जिससे कि वह किसी अन्य कॉलेज में इस कोर्स केलिए दाखिला ले सकें।
वहीं, बीए प्रोग्राम में 0.25 फीसदी से लेकर औसतन 10.25 फीसदी की गिरावट हुई। इस कारण से कई कॉलेजों में बीए प्रोग्राम में दाखिला लेने के लिए भी छात्र पहुंचे।
आर्यभट्ट कॉलेज में अब तक 275 दाखिले हो गए। जबकि तीसरी लिस्ट केदाखिले केपहले दिन 50 दाखिले रद भी कराए गए। कॉलेज प्रिंसिपल डॉ. मनोज सिंहा ने बताया कि कई कॉलेजों में तीसरी कट ऑफ में गिरावट हुई है।
जिस कारण से दाखिले रद कराने का सिलसिला शुरू हुआ है। सबसे अधिक बीकॉम में ही दाखिले रद्द कराए गए हैं। वहीं चूंकि अभी दाखिले के दो दिन बाकी हैं लिहाजा दाखिला लेने के लिए छात्रों की भीड़ पहुंचेंगी।
आईपी कॉलेज
इस कॉलेज में विभिन्न कोर्सेज में तीसरी कट ऑफ लिस्ट जारी होते ही सोमवार को ही लगभग 200 दाखिले हो गए। जिनमें बीकॉम, अंग्रेजी, ईकोनॉमिक्स, बीए प्रोग्राम शामिल हैं।
वहीं लगभग विभिन्न पाठ्यक्रमों से लगभग 100 दाखिले रद्द भी कराए गए। फिलॉस्फी से ही 18 के लगभग दाखिले रद्द हुए। आईपी प्रवक्ता मनस्वनी योगी कहती हैं कि अब भी छात्र सीट पक्की कर रहे हैं जैसे ही कट ऑफ में गिरावट होती है छात्र कॉलेज व कोर्स बदलना शुरू कर देते हैं।