दिल्ली विश्वविद्यालय के स्कूल ऑफ ओपन लर्निंग (एसओएल) में पढ़ाने वाले शिक्षकों को लेक्चर के बाद भुगतान (पेमेंट) के लिए लंबा इंतजार नहीं करना पड़ेगा। एसओएल अब शिक्षकों को ऑनलाइन पेेमेंट की सुविधा देने जा रहा है।
इसके लिए एसओएल ने शिक्षकों का डैशबोर्ड तैयार किया है। इस पर शिक्षक का पूरा ब्यौरा होगा कि उसने कब-कब कितने लेक्चर लिए। इस जानकारी के ऑनलाइन अपडेट होते ही उसका भुगतान ऑनलाइन कर दिया जाएगा।
कैंपस ऑफ ओपन लर्निंग के निदेशक प्रो. सीएस दुबे ने बताया कि हम छात्रों के साथ-साथ शिक्षकों के लिए हाईटेक प्रयास कर रहे हैं। वर्तमान में डिजिटल का दौर है। ऐसे में जरूरी है कि शिक्षकों व छात्रों को भी इसका फायदा मिले।
शिक्षकों का एक डैशबोर्ड बनाया गया है। इस डैशबोर्ड में शिक्षकों का पूरा ब्योरा उपलब्ध कराया गया है। डैशबोर्ड पर जानकारी के लिए शिक्षकों को अब एक आईडी कार्ड भी उपलब्ध कराया जाएगा।
जब शिक्षक क्लास लेने जाएगा, तो उसका कार्ड स्कैन होगा। कार्ड स्कैन होने के कारण उसके लेक्चर के समय की जानकारी और कितने लेक्चर लिया, ये जानकारी डैशबोर्ड पर अपडेट हो जाएगी।
प्रो. दुबे ने बताया कि अक्सर शिक्षक देरी से पेमेंट की शिकायत करते हैं, लेकिन अब वे जैसे ही क्लास लेंगे उसकी जानकारी डैशबोर्ड पर आने के कारण जल्दी पेमेंट हो जाएगी। शिक्षकों को पेमेंट के लिए चक्कर भी नहीं लगाने होंगे। डैशबोर्ड बनने के कारण एसओएल को भी पता रहेगा कि कब किस शिक्षक ने किस सेंटर पर लेक्चर लिया।