दिल्ली विश्वविद्यालय के रेगुलर कॉलेजों में अगले माह से सेमेस्टर की परीक्षाएं हैं, लेकिन स्कूल ऑफ ओपन लर्निंग (एसओएल) में अब तक कक्षाएं शुरू नहीं हो सकी हैं। बीए प्रथम वर्ष की कक्षाएं शुरू न होने से छात्रों को परेशानी हो रही है।
अब तक बीए व बीकॉम (प्रोग्राम) का परीक्षा परिणाम भी घोषित नहीं किया गया है। इन समस्याओं को लेकर केवाईएस (क्रांतिकारी युवा संगठन) के बैनर तले छात्र अपनी मांगों को एसओएल प्रशासन के समक्ष रख चुके हैं।
छात्रों का कहना है कि नए सत्र की कक्षाएं सितंबर में शुरू हो जानी चाहिए थी, लेकिन अब तक एसओएल में कक्षाएं शुरू नहीं की गईं। कक्षाएं देर से शुरू होने के कारण निर्धारित 20 कक्षाओं में भी कटौती की जाती है और पाठ्यक्रम भी पूरा नहीं कराया जाता। प्रथम वर्ष के छात्रों को अब तक स्टडी मैटीरियल भी नहीं दिया गया है। लिहाजा, वह खुद से भी पढ़ाई नहीं कर पा रहे हैं।
दाखिले में दिक्कत
रिजल्ट जारी न होने से बीए व बीकॉम के तृतीय वर्ष के छात्रों को आगे की पढ़ाई के लिए एमए, एमकॉम में दाखिला लेने में भी परेशानी हो रही है, क्योंकि कई जगह दाखिले बंद हो चुके हैं।
छात्रों की मांग है कि नए सत्र की कक्षाएं जल्द शुरू की जाएं व रिजल्ट जल्द घोषित हो। केवाईएस दिल्ली राज्य समिति सदस्य हरीश गौतम के मुताबिक, प्रशासन ने नवंबर में कक्षाएं शुरू करने की बात कही है।