सरकारी स्कूलों के कायाकल्प के लिए बनाई गई स्कूल मैनेजमेंट कमेटी (एसएमसी) के चुनाव शिक्षा निदेशालय एक बार फिर कराने जा रहा है। आगामी 25 नवंबर को यह चुनाव स्कूल में होंगे। इस चुनाव के माध्यम से कमेटी के लिए 12 सदस्यों (अभिभावकों) का चुनाव किया जाएगा।
इससे पहले वर्ष 2015 में एसएमसी गठित की गई थी। अब पूर्व में बनी कमेटी का कार्यकाल खत्म होने जा रहा है लिहाजा एक बार यह चुनाव कराए जा रहे हैं। उल्लेखनीय है स्कूलों में एसएमसी फंड का सही उपयोग करने, अभिभावकों की बैठक बुलाने, स्कूलों के क्रियाकलापों पर नजर रखने जैसे कार्यों को अंजाम देती है।
शिक्षा निदेशालय ने एसएमसी चुनावों को लेकर गाइडलाइन जारी कर दी हैं। नए एसएमसी सदस्यों के नाम 27 नवंबर तक उनके फोन नंबर के साथ स्कूल के नोटिस बोर्ड पर लगा दिए जाएंगे। गौरतलब है कि कमेटी में कुुल 16 सदस्य होते हैं। जिनमें एक स्कूल प्रमुख, एक शिक्षक, एक सामाजिक कार्यकर्ता, व स्थानीय प्राधिकरण द्वारा निर्वाचित एक सदस्य होता है।
दरअसल इन कमेटी के गठन के पीछे सरकार का उद्देश्य है कि स्कूलों में अभिभावकों की भागीदारी को बढ़ाया जाए। सरकार का मानना है कि अभिभावकों की भागीदारी के बिना स्कूलों की दशा को सुधारा नहीं जा सकता।