डीयू में शैक्षणिक सत्र 2016-17 के अंतर्गत बृहस्पतिवार से सेमेस्टर परीक्षाओं का दौर शुरू होने जा रहा है। आगामी 15 दिसंबर तक तीन अलग-अलग मोड में यह परीक्षाएं चलेंगी। पहला मोड तीन वर्षीय ग्रेजुएशन, दूसरा चार वर्षीय ग्रेजुएशन पाठ्यक्रम व तीसरा च्वाइस बेस्ड क्रेडिट सिस्टम के अंतर्गत परीक्षाएं होंगी। इन परीक्षाओं का आयोजन कॉलेज स्तर पर होगा।
इन परीक्षाओं में लगभग दो लाख छात्र बैठेेंगे। डीयू का परीक्षा विभाग इन परीक्षाओं के लिए पूरी तरह से तैैयार है। इन परीक्षाओं के लिए मूल्यांकन का काम परीक्षा शुरू होने के तीन-चार दिन बाद से शुरू हो जाएगा। दरअसल, परीक्षाओं के साथ ही उत्तर पुस्तिकाओं को जांचने की प्रक्रिया शुरू करने के पीछे विभाग का मकसद समय से परीक्षा परिणाम जारी करना है।
इस तरह से समय से परिणाम मिलने से छात्रों को भी परेशानी नहीं उठानी पड़ेगी। ऐसा नहीं है कि स्नातक स्तर की परीक्षाओं का ही आगाज हो रहा है बल्कि स्नातकोत्तर पाठ्यक्रमों के लिए परीक्षाएं बृहस्पतिवार से ही शुरू हो रही हैैं।