कैशलेस लेनदेन को बढ़ावा देने के लिए शिक्षा विभाग ने भी कदम बढ़ा दिए हैं। विभाग ने सभी जिला शिक्षा अधिकारियों को निर्देश जारी कर कहा है कि वह ऑनलाइन या कैशलेस मोड से फीस लें। इसके तहत स्कूलों में पीओएस (प्वाइंट ऑफ सेल) मशीनें उपलब्ध कराई जाएंगी।
दरअसल, नोटबंदी के बाद प्रदेश सरकार के निर्देश पर सभी सरकारी विभागों को कैशलेस बनाने की तैयारी चल रही है। इसी तर्ज पर अब शिक्षा विभाग भी बढ़ गया है।
विभाग की ओर से जारी आदेश पत्र में कहा गया है कि स्कूलों में कैशलेस सिस्टम लागू होने से लेनदेन का रिकॉर्ड रखने के लिए स्कूल इंचार्ज को कैशबुक भी रखनी नहीं पड़ेगी। जिला शिक्षा अधिकारी कार्यालय की ओर से सभी खंड शिक्षा अधिकारियों और स्कूल इंचार्जों को भी निर्देश जारी कर दिए हैं और पीओएस मशीन मंगवाने की तैयारियां भी शुरू कर दी हैं।