द इंस्टीट्यूट ऑफ चार्टर्ड एकाउंटेंटस ऑफ इंडिया (आईसीएआई) की नवंबर-दिसंबर 2017 में हुई फाइनल व कॉमन प्रोफेसिएंसी टेस्ट (सीपीटी) परीक्षा के नतीजे 17 जनवरी को दोपहर दो बजे घोषित किए जाएंगे।
परीक्षार्थी एसएमएस सेवा व वेबसाइट के माध्यम से रिजल्ट प्राप्त कर सकते हैं। फाइनल परीक्षा में जिन परीक्षार्थियों ने 55 फीसदी से अधिक अंक पाए होंगे, वह राष्ट्रीय स्तर पर रैंक की दौड़ में शामिल हो पाऐंगे।
फाइनल परीक्षा में कुल 1,28,853 विद्यार्थी बैठे थे, जबकि सीपीटी में कुल 63,035 विद्यार्थी परीक्षा में बैठे थे। नवंबर-दिसंबर की परीक्षा के रिजल्ट और अंकों का ब्योरा तीन वेबसाइट icaiexam.icai.org, caresults.icai.org, icai.nic.in पर अपलोड किया जाएगा।
ईमेल के माध्यम से भी रिजल्ट देने की व्यवस्था की गई हैै। मेल पर रिजल्ट प्राप्त करने के लिए छात्रों को www.icaiexam.icai.org पर पहले पंजीकरण करना होगा। ऐसे छात्रों को रिजल्ट घोषित होते ही ई-मेल पर रिजल्ट प्राप्त हो जाएगा। वेबसाइट से रिजल्ट प्राप्त करने के लिए छात्रों को अपना पंजीकरण नंबर व रोल नंबर डालना होगा।
एसएमएस सेवा के जरिये परिणाम
फाइनल केरिजल्ट प्राप्त करने के लिए छात्रों को CAFNL roll को टाइप कर संदेश को भेजना होगा। कॉमन प्रोफेशंसी टेस्ट के रिजल्ट प्राप्त करने के लिए छात्रों को CPT roll no को टाइप कर 58888 पर संदेश भेजना होगा।