गुरुग्राम के रायन इंटरनेशनल स्कूल में छात्र प्रद्युम्र की हत्या के बाद शिक्षा विभाग ने निजी स्कूलों पर शिकंजा कसना शुरू कर दिया है। जिले के निजी स्कूल सुरक्षा मानकों को ताक पर रख कर संचालन कर रहे हैं।
इससे विद्यार्थियों की सुरक्षा से खिलवाड़ हो रहा है। इसके चलते फरीदाबाद एवं बल्लभगढ़ के निजी स्कूलों को एक सप्ताह का समय दिया है। निजी स्कूलों को सुरक्षा से जुड़े दस्तावेज एवं एनओसी से शिक्षा विभाग को अवगत कराना होगा। इसके लिए जिला मौलिक शिक्षा अधिकारी ने सभी स्कूलों को निर्देशित कर दिया है।
शिक्षा विभाग ने बल्लभगढ़ एवं फरीदाबाद में निजी स्कूलों की बैठक ली। इस दौरान सुरक्षा उपायों पर किए गए कार्य की जानकारी ली। स्कूलों की बातें सुनने के बाद शिक्षा विभाग ने सभी स्कूलों को एक सप्ताह में जवाब देने के निर्देश दिए। स्कूल द्वारा जानकारी नहीं देने पर इसकी जानकारी शिक्षा निदेशालय एवं राज्य सरकार को भेजी जाएगी।
दावा किया जा रहा है रिपोर्ट तैयार होने के बाद निजी स्कूलों पर मुकदमा दर्ज हो सकता है। गौरतलब है कि छात्र प्रद्युमभन की हत्या के बाद प्रदेश सरकार की किरकिरी हुई है। राजनैतिक दलों ने राज्य सरकार को घेर लिया था। अब सरकार इस पर कड़ी कार्रवाई करने की तैयारी में लगी हुई है।
स्कूल सुरक्षा उपाय को लेकर बैठक ली गई थी। निजी स्कूलों को एनओसी से अवगत कराने एक सप्ताह का समय दिया गया है। एक सप्ताह में स्थिति से अवगत नहीं कराने पर राज्य सरकार को कार्रवाई के लिए रिपोर्ट भेजी जाएगी।- सतेंद्र कौर, जिला मौलिक शिक्षा अधिकारी, फरीदाबाद