मिशन एडमिशन के दौरान नए छात्रों की मदद के लिए छात्र संगठन आगे आने लगे हैं। दाखिला प्रक्रिया के दौरान किसी तरह की परेशानी का सामना छात्रों को न करना पड़े इसको लेकर कॉलेजों में हेल्प डेस्क लगाने का काम संगठनों ने शुरू कर दिया है।
सोमवार से एबीवीपी ने कॉलेजों में अपनी हेल्पलाइन सेवा शुरू कर दी है। इसके लिए नंबर भी जारी किए गए हैं, जिन पर कॉल कर दाखिला संबंधित किसी भी उलझन को दूर किया जा सकता है।
अखिल भारतीय विकास परिषद (एबीवीपी) की ओर से सेक्टर-16 स्थित नेहरू कॉलेज में काउसलिंग शिविर लगाया गया है। एबीवीपी के कॉलेज अध्यक्ष बलराज ने बताया कि 9540668606 और 9999772053 वाट्सएप नंबर भी जारी किया गया है।
जहां घर बैठे स्टूडेंट लाइव चैट के जरिए आवेदन से जुड़ी जानकारी प्राप्त कर सकते हैं। इसके अलावा कॉलेज में सुबह 9 से दोपहर 3 बजे तक शिविर चलेगा। सोमवार को बड़ी संख्या में छात्रों ने दाखिला संबंधित जानकारियां हासिल की।
एनएसयूआई की ओर से राजकीय महिला कॉलेज और सेक्टर-16 नेहरू कॉलेज में सोमवार से हेल्प डेस्क की शुरूआत की गई। समिति के कार्यकर्ताओं ने इस मौके पर दाखिला संबंधी दुविधाओं को लेकर छात्रों का मार्गदर्शन किया।
एनएसयूआई के जिलाध्यक्ष कृष्ण ने बताया कि पिछले तीन वर्ष से हेल्प डेस्क की सुविधा दी जा रही है। राजकीय कॉलेज तिगांव में तीन हेल्प डेस्क लगाये गये हैं।
जिसमें दो अध्यापक और पांच छात्रों की टीम बच्चों को आवेदन से संबंधित जानकारियां दे रही है। पहले दिन करीब 150 विद्यार्थियों ने हेल्प डेक्स का लाभ लिया।