दिल्ली विश्वविद्यालय में एलएलबी दाखिला प्रक्रिया को लेकर चल रहे विवाद से कैंपस में राजनीति गरमाने लगी है। शनिवार को इस मामले को भूख हड़ताल पर बैठे एनएसयूआई (भारतीय राष्ट्रीय छात्र संगठन) ने भूख हड़ताल खत्म कर दी वहीं एबीवीपी ने मोर्चा संभाल लिया है।
एबीवीपी नेता व डूसू अध्यक्ष सतेंद्र अवाना शनिवार को भूूख हड़ताल पर बैठ गए। वामपंथी छात्र संगठन आइसा (ऑल इंडिया स्टूडेंट एसोसिएशन) अब भी लॉ फैकल्टी मोर्चा संभाले हुए है।
एबीवीपी ने जहां शनिवार को खुलकर एलएलबी के मुद्दे पर सामने आई है वहीं आइसा लगातार इस मुद्दे पर लॉ फैकल्टी में अपनी भूख हड़ताल जारी रखे हुए है।
छात्र संगठनों की मांग है कि एलएलबी की सीटों पर दाखिला प्रक्रिया जल्द से जल्द शुरू करने के साथ ही 800 सीटें कम करने की जो कोशिश हो रही है उस पर भी रोक लगाई जाए। अगर ऐसा नहीं होता है तो छात्र अपना विरोध जारी रखेंगे।
एनएसयूआई के राष्ट्रीय सचिव विवेकानंद पाठक ने बताया कि इस मुद्दे पर हमने कैंपस में शनिवार को एक सेव मार्च निकाला और डीन छात्र कल्याण प्रो. जेएम खुराना से मुलाकात की है।
उन्होंने यकीन दिलाया है कि इस विषय में विश्वविद्यालय जल्द राहत देगा। उनके आश्वासन के बाद ही यह भूख हड़ताल खत्म की गई है।