दिल्ली विश्वविद्यालय में दो माह से अधिक इंतजार के बाद 17 जनवरी से एक बार फिर नौकरी पाने के दरवाजे खुलने जा रहे हैं। डीयू के सेंट्रल प्लेसमेंट सेल (सीपीसी) के तहत हो रहे पंजीकरण के आधार पर शैक्षिक सत्र 2017-18 के लिए कैंपस प्लेसमेंट का दूसरा सेशन आयोजित किया जा रहा है।
इस सेशन मेें तीन-चार बड़ी कंपनियों के कैंपस पहुंचने की संभावना है। उल्लेखनीय है कि बीते शैक्ष्कि सत्र में लगभग 1500 छात्रों को नौकरी के ऑफर मिले थे। डिप्टी डीन स्टूडेंट वेलफेयर (प्लेसमेंट) डॉ. अमृता बजाज ने बताया कि सेल के अंतर्गत शुरू होने जा रहे कैंपस प्लेसमेंट के दूसरे दौर में 17 जनवरी व शशि एक्सपोर्ट व 24 जनवरी को जेनपेक्ट कंपनी कैंपस आ रही है।
यह कंपनियां स्नातक स्तर के छात्रों को 3 से 3.5 लाख रुपये सालाना सैलरी पैकेज के साथ नौकरी की पेशकश करेंगी। प्रशासन का प्रयास है कि अन्य प्लेसमेंट सेशन में कंपनियां ज्यादा सैलरी पैकेज की पेशकश करें।
जनवरी में हो रहे सेशन के लिए फिलहाल दो ही कंपनियों ने कैंपस आने की स्वीकृति दी है। अन्य तीन-चार बड़ी कंपनियों से भी बातचीत जारी है। दिल्ली विश्वविद्यालय में कैंपस प्लेसमेंट का पहला दौर 27 अक्तूबर को हुआ था।
विदेशी कंपनी एफआरआर फॉरेक्स इस दौर में छात्रों को नौकरी की पेशकश करने के लिए पहुंची थी। इसके बाद कंपनियां डीयू आने में रुचि नहीं दिखा रही थीं। कंपनियां नहीं आने को जीएसटी के असर से जोड़कर देखा जा रहा था।
ऐसा पहली बार हुआ कि नवंबर व दिसंबर में कैंपस प्लेसमेंट के लिए कंपनी नहीं पहुंचीं। अब जनवरी के बाद फरवरी में तीसरे प्लेसमेंट सत्र की भी तैयारी की रही है। इसके लिए अभी से कंपनियों से बातचीत जारी है।
उल्लेखनीय है कि सेंट्रल प्लेसमेंट सेल के अंतर्गत पंजीकरण प्रक्रिया सितंबर में शुरू हो चुकी है। प्लेसमेंट में हिस्सा लेने के लिए जो छात्र पंजीकरण करा चुके होंगे, उन्हें ही कंपनी के समक्ष उपस्थित होने का मौका मिलेगा। छात्रों को प्लेसमेंट में हिस्सा लेने के लिए सीपीसी आई कार्ड को प्रिंसिपल से सत्यापित कराकर पहुंचना होगा।